रेलवे प्रशासन ने प्रयागराज के सूबेदारगंज रेलवे स्टेशन से मुंबई के बांद्रा टर्मिनल समेत तमाम शहरों के लिए स्पेशल ट्रेन चलाए जाने का शेड्यूल जारी किया है। इसमें रांची-नई दिल्ली, उदयपुर सिटी-फरबिसगंज, ग्वालियर-बरौनी स्पेशल, दानापुर-चर्लाप्ल्ली स्पेशल ट्रेन के नाम शामिल हैं। सूबेदारगंज से स्पेशल ट्रेन 04125 का संचालन प्रत्येक सोमवार सात अप्रैल से 30 जून तक होगा। यह ट्रेन सुबह 5.20 बजे रवाना होगी। फतेहपुर, गोविंदुपुरी, इटावा, टूंडला, ईदगाह आगरा, फतेहपुर सीकरी, रूपबस, वडोदरा, सूरत होते हुए ट्रेन अगले दिन सुबह 9.30 बजे बांद्रा टर्मिनल पहुंचेगी।
वापसी में बांद्रा टर्मिनल से 04126 नंबर की स्पेशल ट्रेन का संचालन प्रत्येक मंगलवार आठ अप्रैल से एक जुलाई तक होगा। वहां से सुबह 11.15 बजे चलने के बाद ट्रेन अगले दिन बुधवार शाम 5.00 बजे सूबेदारगंज स्टेशन पहुंचेगी। इसी तरह रांची से नई दिल्ली के लिए स्पेशल ट्रेन 02877 प्रत्येक शुक्रवार चार अप्रैल से 27 जून की रात 11.55 बजे चलने के बाद अगले दिन दोपहर 3.20-3.30 बजे प्रयागराज जंक्शन एवं रात तीन बजे नई दिल्ली पहुंचेगी।
नई दिल्ली से 02878 की रवानगी प्रत्येक रविवार छह अप्रैल से 29 जून तक सुबह 4.00 बजे होगी। जो दोपहर 1.20-1.30 बजे प्रयागराज जंक्शन एवं अगले दिन सुबह 5.00 बजे रांची पहुंचेगी। इसी क्रम में उदयपुर सिटी-फरबिसगंज, ग्वालियर-बरौनी का प्रयागराज जंक्शन पर एवं दानापुर-चर्लापल्ली का प्रयागराज छिवकी रेलवे स्टेशन पर दोनों ओर से ठहराव होगा।