पश्चिमी विक्षोभ के चलते पिछले तीन दिनों से तेज हवाओं के साथ जारी तेज बारिश का सामना कर रहे शहरियों को आखिरकार मौसम के बदले मिजाज ने थोड़ी राहत दे दी। तीन दिन बाद मंगलवार को अपराह् बाद बादल छंटने के साथ ही आसमान साफ हुआ और जब धूप खिली तो शहरियों ने राहत की सांस ली। मौसम के बदले मिजाज का असर पारे पर भी दिखा। मौसम विभाग के मुताबिक मंगलवार को न्यूनतम पारा 16.7 डिग्री और अधिकतम 25.2 डिग्री दर्ज किया। हालांकि मौसम के बदले मिजाज के चलते अधिकतम आर्द्रता में कोई कमी नहंी आयी अलबत्ता न्यूनतम आर्द्रता घटकर 69 फीसदी पर पहुंच गई। पिछले तीन दिनों बाद निकली चटक धूप ने गुनगुनी गर्र्मी का एहसास करा दिया। दूसरी ओर मौसम विज्ञानी प्रो. एसएस ओझा का कहना है कि अब मौसम के साफ रहने की संभावना है। होली पर मौसम साफ रहेगा। कमोेवेश यही बात सियाट्स के मौसम विज्ञानी डॉ. विश्वरूप मेहरा ने भी दोहरायी। बकौल डॉ. मेहरा होली पर मौसम साफ रहने की संभावना है। लेकिन मौसम के मिजाज का अनुमान लगाना अब उतना आसान नही रह गया है। जिस तरीके मौसम का मिजाज देखने को मिल रहा है यह वाकई में चौंकाने वाला है।
मौसम का बदले मिजाज का असर बाजारों में भी दिखा। दोपहर बाद आसमान साफ होने व धूप निकलने के साथ ही बाजारों में भीड़ रही। शहरियों होली के सामानों की जमकर खरीदारी। सिविल लाइंस, चौक, कटरा जैसे व्यस्ततम बाजारों में भारी भीड़ रही। मौसम के बदले मिजाज से कारोबारी भी खुश नजर आए। पिछले तीन दिन से जारी बारिश, व ठंड हवाओं के चलते कारोबार ठप पड़ गया था। कारोबारियों को अब होली पर अच्छा कारोबार होने की उम्मीद है।
होली के मौके पर अबीर, गुलाल और रंग के साथ हुडदंग मचाने केशौकीनों को मौसम के बदले मिजाज ने राहत दे दी है। आसमान में बादल और रूक रूककर हो रही बारिश से लोगों खासकर युवाओं को इस बात का डर सता रहा था कि कही ऐसा न हो कि होली के दिन भी मौसम का यही मिजाज देखने को मिले और झमाझम बारिश से होली में खलल पड़ जाय। अब जबकि मौसम का मिजाज बदल गया है तो होली खेलने के शौकीन हुड़दंग मचाने की योजना बनाने में जुट गए हैं।