पूरब से आ रही नम हवाओं का असर शहर के मौसम पर शनिवार को भी रहा। शहरियों को तीसरे दिन भी सूरज के दर्शन नहीं हुए। उन्हें लगातार नमी से सामना करना पड़ रहा है। न्यूनतम आर्र्दता शनिवार को अब तक के उच्चतम स्तर पर पहुंच गई। मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक न्यूनतम आर्द्रता 99 फीसदी (अधिकतम 100 फीसदी) रिकार्ड की गई, जबकि शुक्रवार को यह 87 फीसदी रिकार्ड की गई थी। शनिवार को न्यूनतम और अधिकतम आर्र्दता में मात्र एक फीसदी का अंतर रह गया। आर्द्रता बढ़ने से शहरियों का बाहर ही नहीं घरों में रहना मुश्किल हो गया है। घरों में सीलन सी बनी हुई है। जानकार ऐसे मौसम में लोगों को सतर्क कर रहे हैं। उनका कहना है कि ऐसे मौसम में हार्ट अटैक, ब्रेन स्ट्रोक, जुकाम, बुखार के साथ फंगल इंफेक्शन बढ़ जाएंगे।
सुबह लोग अनुमान लगा रहे थे कि शनिवार को उन्हें सूरज देव के दर्शन हो जाएंगे लेकिन पूरा दिन उनका इंतजार में बीता। बादल दिन भर छाए रहे। बीच में रुक-रुक कर बूंदाबांदी होती रही। इससे ज्यादातर लोग घरों से बाहर निकलने से बचते रहे। हालांकि दिन और रात दोनों के तापमान में थोड़ी बढ़ोत्तरी दर्ज की गई। अधिकतम तापमान एक दिन पहले के मुकाबले तीन डिग्री से. बढ़कर 18.5 डिग्री से. पहुंच गया। न्यूनतम तापमान 0.8 डिग्री से. बढ़कर 14.8 डिग्री से. पर पहुंच गया। मौसम विज्ञानी प्रो. एसएस ओझा कहते हैं कि अभी पूरब की हवाओं का असर बना हुआ है। यह दो से तीन दिनों तक ऐसे ही रहेगा। बादलों के छाए रहने से बारिश की संभावना भी बनी हुई है।