बीते कुछ दिनाें से मौसम में काफी बदलाव हुआ है। दिन के तापमान में तो कोई खास अंतर नहीं आया है, लेकिन रात का तापमान सामान्य से नीचे 8.8 डिग्री से. पर पहुंच गया है। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक अचानक ठंड बढ़ने के पीछे बड़ा कारण पिछले दिनों हिमाचल और कश्मीर में हुई बर्फबारी है। इसका सीधा असर मैदानी इलाकों में दिखने लगा है।
इसके अलावा राजस्थान में पिछले कुछ दिनों से सर्द हवाओं ने डेरा डाल रखा है। इसका असर भी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में दिख रहा है। हालांकि दिन में ठंड का अहसास कम हो रहा है, लेकिन रातें सर्द हो रही हैं।
इलाहाबाद विश्वविद्यालय के वातावरण एवं समुद्र विज्ञान विभाग के डॉ. शैलेंद्र राय के मुताबिक ग्लोबल वार्मिग के कारण दिन के तापमान में कोई खास कमी नहीं देखी जा रही है। वहीं रात में पारा सामान्य से नीचे पहुंच गया है। इसके कारण रात में अधिक ठंड पड़ रही है। वहीं, 22 दिसंबर के बाद घना कोहरा पड़ने की संभावना बन रही है। इस बार बारिश का असर भी अक्तूबर तक था, ऐसे में इस बार पिछले साल के मुकाबले अधिक ठंड पड़ने की संभावना बनी हुई है।