समाजवादी पार्टी में पूरे दिन बडे़ नेताओं को अंदर-बाहर करने की उठापटक के बीच देर शाम नगर विकास मंत्री आजम खां शहर पहुंचे। यहां एक वैवाहिक समारोह में शामिल होने आए आजम सरकिट हाउस में बेहद आश्वस्त नजर आए। लखनऊ में मुख्यमंत्री आवास से लेकर पार्टी कार्यालय और वहां से मुलायम सिंह यादव के आवास तक भले तमाम नेता तनाव में रहे हो लेकिन शहर पहुंचे आजम के चेहरे पर तनिक भी तनाव नहीं दिखा। उन्होंने बेहद सहज ढंग से बात की। कुछ भी बोलने से बच रहे है आजम ने संवाददाताओं के ज्यादातर सवाल को टाल गए लेकिन इतना जरूर कहा कि हमने जो किया वह नहीं बदला है और पार्टी में सब कुछ ठीक है।
उनके इस जवाब के कई मायने में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अखिलेश को पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए जाने के पहले आजम सुबह लखनऊ में मुलायम सिंह यादव के आवास पर पहुंचे थे और काफी देर विचार विमर्श के बाद निकले। इसके बाद वह पार्टी के विशेष अधिवेशन में पहुंचे, जहां अखिलेश को राष्ट्रीय अध्यक्ष और अमर सिंह को पार्टी से बाहर निकालने की घोषणा हुई। आजम भी अमर सिंह को रत्ती भर पसंद नहीं करते और कई मौकों पर वह इसका इजहार भी कर चुके हैं। ऐसे में आजम द्वारा यह कहा जाना कि हमने जो किया वह नहीं बदला, अखिलेश के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने और अमर सिंह को पाटी से बाहर करने के फैसले को इसी बयान से जोड़कर देखा जा रहा है।