शनिवार को लगातार तीन घंटे तक तेज बरसात होने के कारण झूंसी में जल भराव हो गया है,जिसके कारण आवागमन में लोगों को भारी असुविधाओं का सामना करना पड़ रहा है।
गंगापार के झूंसी इलाके में कई रास्तों व मोहल्लों में इतना अधिक जलभराव हो गया है कि लोगों को आने-जाने में उनके कपड़े आदि भी भीग जा रहे हैं। बारिश ने ड्रेनेज सिस्टम की खामियों को भी फिर से उजागर कर दिया। इलाके के नाले, सीवर और नालियों की सफाई के नगर निगम के दावे धरे के धरे रह गए। आलम यह रहा कि नालों और सीवरों के ओवरफ्लो होने से कई रिहायशी इलाकों में घरों में भी पानी भर गया। बारिश के कारण कुछ क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति भी बाधित हो गई है।
एक ओर जहां पिछले दो दिनों से हो रही बारिश के चलते एक ओर जहां मौसम सुहाना हो गया है और लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिल गई है वहीं मूसलाधार बारिश ने लोगों के सामने दूसरी तरह की मुसीबत खड़ी कर दी है। शुक्रवार के बाद शनिवार को भी दोपहर साढ़े बारह बजे से शुरू हुई बारिश लगातार साढ़े तीन बजे तक होती रही। इससे आवास विकास कालोनी योजना दो, योजना तीन, न्यायनगर कालोनी, छतनाग रोड, नई और पुरानी झूंसी मार्ग व हवेलिया में भीषण जलभराव हो गया है। पुरानी झूंसी मार्ग की सड़क का चौड़ीकरण करके महाकुंभ के लिए तैयार किया गया था लेकिन ड्रेनेज सिस्टम ठीक न होने से जलभराव हो गया। इससे लोगों को आने-जाने में भारी दिक्कत का सामना करना पड़ा। इसी प्रकार मुंशी का पूरा मार्ग पर भी भीषण जलभराव होने से लोग घंटों परेशान रहे। दो दिन की बारिश के बाद इलाके में जिस तरीके से जलभराव हो रहा है, उसने नगर निगम के सीवर, नाले और नालियों के सफाई के दावों की पोल खाेलकर रख दी है। इससे लोगों में असंतोष व्याप्त है।