अल्लापुर पानी के लिए हाहाकार
48 घंटे बाद किसी तरह चलाया एक नलकूप, दो हैं खराब
नहीं भेजे गए पानी के टैंकर, बाल्टी-डिब्बा लेकर भटके लोग
आठ मोहल्लों के 15 हजार घरों में 48 घंटे से पेयजल संकट
प्रयागराज। अल्लापुर में दो दिन से आठ मोहल्लों के करीब 15000 घरों पानी के लिए हाहाकार मचा है। बुधवार को दिन भर लोग बाल्टी-डिब्बा लेकर भटकते रहे। सैकड़ों शिकायतों के बाद देर शाम एक नलकूप की मोटर बदली जा सकी, जबकि दो अभी खराब हैं। काफी प्रयास के बाद भी प्रभावित इलाकों में पानी के टैंकर नहीं भेजे गए।
सोमवार रात किदवई नगर और शिवाजी पार्क, बाघंबरी रोड डीएचआई-1 में लगे नलकूपों की मोटर फुंक गई थी। जलकल विभाग की टीम जीएचआई-1 नलकूप की मोटर बदल सका। लगातार दूसरे दिन अल्लापुर के तिलक नगर, शिवाजी नगर, बाघंबरी गद्दी, नेह कुंज, कृष्ण कुंज, किदवई नगर, मटियारा रोड, बाघंबरी रोड सहित एक दर्जन से अधिक उप मोहल्लों में जलापूर्ति ठप रही।
क्षेत्रीय पार्षद शिवांगी मिश्रा ने बताया कि दिन भर काम के बाद एक नलकूप चालू किया जा सका। पूर्व पार्षद विनय मिश्रा सिंटू ने बताया कि जेई रागिनी मौर्या टीम के साथ लगी हैं। उन्होंने बताया कि देर रात मोटर बदलने का काम पूरा कर लिया जाएगा। सिंटू ने महापौर से प्रभावित इलाकों में पानी के टैंकर भेजने का अनुरोध किया है।
चकनिरातुल में भी पेयजल संकट
शहर पश्चिमी के चकनिरातुल में जलापूर्ति बाधित होने से लोग परेशान हैं। यहां जगमल हाता की टंकी न भरने के कारण हर मौसम में पानी की किल्लत रहती है। छत्रपति शिवाजी महाराज जन कल्याण समिति के संरक्षक श्याम सुंदर पटेल के मुताबिक जहां पानी मिल रहा है वहां लो प्रेशर के कारण गंदा पानी उपयोग योग्य नहीं रहता। उन्होंने बताया कि इस बारे में जलकल के अफसरों, नगर आयुक्त से कई बार शिकायत की गई लेकिन कार्रवाई नहीं की गई।