लखनपुर पेयजल योजना से नियमित जलापूर्ति न होने से ग्रामीणों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार की गई शिकायत के बाद भी समस्या का निराकरण नहीं किया गया। ऐसे में पानी की समस्या विकराल होती जा रही है।
बता दें कि लखनपुर पेयजल योजना से विसहिजन खुर्द, विसहिजन कला, जगेपुर, अमोरा, मेजारोड, लखनपुर, सोरांव, मेजारोड रेलवे क्रॉसिंग सहित कई गांवों में जलापूर्ति किए जाने की व्यवस्था थी, लेकिन विभागीय लापरवाही के चलते अब आपूर्ति विसहिजन खुर्द, विसहिजन कला, मेजारोड रेलवे क्रॉसिंग छोड़ अन्य गांवों में नहीं हो पा रही है। ऐसे में लोग पानी को लेकर परेशान हैं।
मेजारोड रेलवे क्रॉसिंग के समीप रहने वाले पीयूष जायसवाल ने बताया कि कई बार की गई शिकायत के बाद भी पेयजल आपूर्ति नियमित नहीं की गई। कभी दोपहर में जलापूर्ति की जाती है तो कभी आधी रात बाद। ऐसे में पानी को लेकर परेशानी बनी हुई है।
ग्रामीणों ने बताया कि विसहिजन खुर्द में शाम के वक्त कभी भी पानी की आपूर्ति नहीं की जाती है। इस बारे में जलनिगम के अवर अभियंता रोमान अंसारी ने बताया कि जो भी समस्या होगी, उसे दूर कर लिया जाएगा।