फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हर तरफ पानी, बढ़ी परेशानी

Wed, 06 Jul 2016 01:10 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो, इलाहाबाद
विज्ञापन
मानसून - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, इलाहाबाद
विज्ञापन
अभी बारिश की शुरूआत हुई है और नगर निगम, जलकल विभाग ने नालों, सीवर लाइनों की सफाई जिस तरह से कराई है, मंगलवार को दिन में हुई झमाझम बारिश के बाद शहर की तकरीबन हर सड़क पर हुआ जलभराव इसकी पोल खोलने के लिए काफी है। दिनभर में 21.6 मिलीमीटर बारिश के कारण सड़कों पर चौतरफा जलभराव हो गया। कई जगह सड़क, गलियां तालाब सरीखी नजर आने लगीं तो कुछ सड़कों पर ट्रैफिक भी रुक गया। नवाब यूसुफ रोड पर नगर निगम की ओर से बनाए गए नाले का कनेक्शन न होने से जबरदस्त जलभराव हो गया।
विज्ञापन


मंगलवार को बारिश के बाद जलभराव होने पर लोग नगर निगम को कोसते रहे। कालिंदीपुरम, राजरूपपुर, चकिया, चकनिरातुल, बेनीगंज, हिम्मतगंज, लूकरगंज की सड़क, गलियों में भारी मात्रा में पानी भर गया। राजरूपुर बड़ा नाला, मार्ग नंबर सात का नाला, चकिया नाले की सफाई ठीक ढंग से न होने के कारण स्थिति खराब हुई तो इसी वजह से लूकरगंज में मछली बाजार, मदनानी हॉस्पिटल के आसपास जलभराव हो गया। जीटी रोड से लगे चक मीरापट्टी, हरवारा, प्रीतमनगर, साकेत नगर, नीम सराय, नीवा आदि में भी सड़कें, गलियां पानी से लबालब हो गईं। इसकी वजह से लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया। राजरूपपुर में मार्ग नंबर सात के आसापास, पीएनबी के आसपास, सरस्वती शिशु मंदिर के आसपास घरों में पानी भर गया। कालिंदीपुरम बाजार की सड़क भी जलमग्न हो गई। पूर्व पार्षद अखिलेश सिंह का कहना है कि नाला की सफाई नहीं हुई और भुगतान हो गया।

करेली टैंपो स्टैंड, नखास कोहना में शाहगंज थाने के पास, काटजू रोड, लीडर रोड का भी यही हाल रहा। निरंजन डॉटपुल के नीचे जबरदस्त जलभराव के कारण करीब आधे घंटे वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद रही। मुट्ठीगंज में आर्यकन्या चौराहा से कोठापार्चा डाटपुल तक सड़क पर घुटने तक पानी भर गया। पंचकोसी रोड पर नाला तो गौतम सिनेमा के पास सीवर लाइन की सफाई न होने से जलभराव हुआ। बहादुरगंज में सुलाकी चौराहा के पास भी काफी पानी भरा। मीरापुर में नेहरू नगर, हर्षवर्धन नगर, लोहिया नगर, सब्जी मंडी सदियापुर रोड पर पानी भर गया। सदियापुर नाला ओवरफ्लो होने से सैकड़ों घरों में गंदा पानी घुस गया। बारिश की वजह से जगह-जगह सडकें भी धंस गईं। 
विज्ञापन


बारिश के बाद बाई का बाग, रामबाग, साउथ मलाका आदि में स्थिति बेहद खराब हो गई। क्रास्थवेट गर्ल्स इंटर कॉलेज के पास नाला और बाई का बाग में वैध जी के बाग के पास सीवर लाइन की सफाई न होने के कारण समस्या बढ़ गई। नाला और सीवर लाइन ओवरफ्लो होने के कारण गंदा पानी यहां की सड़क और घरों में एक-एक फीट तक भर गया। रामबाग में रामलीला मैदान के पीछे, बाई का बाग बंगाली टोला, दुर्गापूजा पार्क के आसपास भी घरों में पानी घुस गया। रामबाग रेलवे स्टेशन के सामने, ईदगाह चौराहा पर जबरदस्त जलभराव के कारण कुछ देर यातायात अवरुद्ध रहा। पार्षद आभा द्विवेदी का कहना है कि जलकल विभाग के जेई दिनेश मिश्रा से सीवर लाइन की सफाई के लिए कई बार कहा लेकिन जेई ने उसे गंभीरता से नहीं लिया। साउथ मलाका में नाला ओवरफ्लो होने से सड़क, गलियां पानी से लबालब हो गईं। रामबाग रेलवे क्रासिंग, कुलभाष्कर आश्रम डिग्री कॉलेज के पास यही स्थिति रही।

अल्लापुर में मटियारा रोड, बाघम्बरी हाउसिंग स्कीम, बाघम्बरी गद्दी रोड से लगी गलियों और अमिताभ बच्चन मार्ग पर जलभराव हुआ। इसके साथ एलआईसी कॉलोनी, जार्जटाउन और टैगोर टाउन की सड़कें, गलियां भी जलमग्न रही। पार्षद शिव सेवक सिंह ने बताया कि बख्शी बांध पंपिंग स्टेशन पर 30 एवं 10 क्यूसेक के एक-एक पंप चालू कराने के करीब तीन घंटे बाद स्थिति सामान्य हुई।

शहर की सड़कों पर चौतरफा जलभराव के साथ भीषण गंदगी भी फैल रही है। डोर-टू-डोर कूडा कलेक्शन में लगी कंपनी हरीभरी की ओर से कई मोहल्लों में काम फिर से बंद होने के कारण लोग घरों का कूड़ा सड़क, गलियों में फेंक रहे हैं। राजापुर, अशोक नगर, स्टेनली रोड, म्योराबाद, ममफोर्डगंज, अल्लापुर आदि के कई मोहल्लों में पिछले कुछ समय से घर-घर कूड़ा लेने कर्मचारी नहीं आ रहे हैं। घरों से नियमित कूड़ा निकल रहा है, हरीभरी के कर्मियों के न आने के कारण लोग यह कूड़ा खुले में फेंक रहे हैं। मंगलवार को दिनभर हुई बारिश और जलभराव के कारण यह कूड़ा सड़क, गलियों में काफी दूर तक फैल गया।
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें