स्मार्ट सिटी का काम करा रही कंपनी एलएंडटी कर्मियों की लापरवाही दो दिन से शहरियों पर भारी पड़ रही है। केबल बिछाने के दौरान धोबी घाट चौराहे पर क्षतिग्रस्त हुई 18 इंच की पाइप लाइन से पानी बहता रहा। सिविल लाइंस, कटरा, कर्नलगंज, बालसन समेत आठ मोहल्लों में हजारों को पानी को तरस गए।
महाप्रबंधक जलकल रतन लाल ने मौके का निरीक्षण किया। सचिव हरिश्चंद्र बाल्मीकि के नेतृत्व में टीम गठित कर मरम्मत कराने का निर्देश दिया। विभाग ने 35 घंटे में लाइन खाली कराकर मंगलवार को मरम्मत का काम शुरू कराया, जो देर रात तक चलता रहा। उधर लाल गिरजाघर, सिविल लाइंस के अन्य क्षेत्रों के साथ आठ मोहल्लों के दस हजार से अधिक लोगों को पानी नहीं मिला।
सोमवार को तो लो प्रेशर से लोगों को दूषित पानी मिला लेकिन मंगलवार को नल सूखे रहे। सचिव के मुताबिक देर रात एक पंप चलाकर टेस्टिंग की गई है। दो पंप चलाए जाएंगे, सबकुछ ठीक रहा तो बुधवार सुबह तक जलापूर्ति सामान्य हो जाएगी।
प्रभावित इलाकों में भेजे 15 टैंकर
जलकल विभाग ने जलापूर्ति बाधित मोहल्लों में 15 पानी के टैंकर भेजे। लोगों के बीच पानी भरने के लिए जोरआजमाइश होती रही। उधर कई ऐसे भी इलाके रहे जहां दिन भर लोग बाल्टी डिब्बा लेकर भटकते रहे।
00गोविंदपुर में दूषित जलापूर्ति से परेशानी
गोविंदपुर कॉलोनी में मंगलवार को दूषित जलापूर्ति परेशानी का कारण बनी रही। मंगलवार सुबह गंदा, मटमैला पानी लोगों के घरों तक पहुंचा। सिंचाई विभाग की कॉलोनी समेत पूरे क्षेत्र में नलों से शाम को भी गंदा पानी आया। एलआईजी कॉलोनी निवासी नीरज मुंशी के मुताबिक पानी पीने की बात छोड़िए, अन्य किसी इस्तेमाल के लायक नहीं है। वहीं रहने वाली रीतू के मुताबिक पीने के लिए बोतल बंद पानी खरीदना पड़ा। दिवाली पर साफ सफाई और कपड़े धोने का काम भी नहीं किया जा सका। जलकल विभाग के सचिव हरिश्चंद्र बाल्मीकि के मुताबिक शिकायत मिली है। बुधवार सुबह लीकेज की जांच कराकर परेशानी दूर कराई जाएगी।
Water and electricity supply in Prayagraj- फोटो : CITY DESK
Water and electricity supply in Prayagraj- फोटो : CITY DESK