samajwadi penstio, jhansi hindi news
- फोटो : demo
प्रदेश के वित्तविहीन शिक्षकों को मानदेय दिए जाने का रास्ता साफ हो गया है। प्रदेश के माध्यमिक शिक्षा विभाग की ओर से मानदेय पाने वालों की सूची ऑनलाइन कर दी गई है। यह जानकारी माध्यमिक वित्तविहीन शिक्षक महासभा के प्रधान महासचिव अशोक कुमार राठौर ने दी।
उन्होंने कहा कि सूची ऑनलाइन होने के बाद अब वित्तविहीन शिक्षकों को शीघ्र मानदेय दिलाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने बताया कि सूची में जिला विद्यालय निरीक्षकों की ओर से भेजी सीडी में शामिल सभी वित्तविहीन शिक्षकों को शामिल किया गया है। उन्होंने बताया कि इस समय शिक्षक विधान परिषद चुनाव के लिए मतदाता बनाने का काम चल रहा है। शिक्षक नेता अशोक राठौर ने बताया कि विधान परिषद चुनाव में राजकीय, सवित्त एवं वित्तविहीन शिक्षकों के बीच भेदभाव खत्म होना चाहिए। बातचीत के दौरान वित्तविहीन शिक्षक महासभा के प्रदेश उपाध्यक्ष विद्याधर द्विवेदी, प्रदेश महासचिव राम औतार यादव, प्रबंधक महासभा के प्रदेश अध्यक्ष संजीव बाजपेई, महासचिव सुनील पांडेय, चन्द्रमा यादव, चंद्रिका त्रिपाठी सहित कई शिक्षक मौजूद रहे।