उत्तर मध्य रेलवे (एनसीआर) में गप्पू भइया की इंट्री शनिवार को होगी। चेयरमैन रेलवे बोर्ड (सीआरबी) वीके यादव की मौजूदगी में गप्पू भइया एनसीआर टीम का सदस्य बनेंगे। इस दौरान गप्पू भइया लगातार यात्रियों को जागरूक करेंगे। इलाहाबाद जंक्शन, कानपुर, आगरा समेत एनसीआर के प्रमुख स्टेशनों पर लगी एलईडी के माध्यम से गप्पू भइया जहरखुरानों से सावधान, ट्रेन की छत पर यात्रा न करने आदि की सलाह देंगे।
दरअसल, जीएम एनसीआर राजीव चौधरी के निर्देश पर एनसीआर प्रशासन ने गप्पू भइया नाम का एक कार्टून किरदार बनाया है। इस किरदार के इर्द-गिर्द पांच मिनट की कार्टून फिल्म बनाई गई है। इसके माध्यम से बताया गया कि गप्पू भइया नाम का किरदार है, जो जाने-अनजाने में ऐसी गलती कर रहा है जो अमूमन रेलवे स्टेशन और ट्रेन में लोग करते हैं।
उन गलतियों का दुष्परिणाम क्या है, वह भी इस पांच मिनट की कार्टून फिल्म में दिखाया गया है। फिल्म में कहा गया कि ‘गप्पू भइया बड़े महान, लापरवाही इनकी पहचान’। पांच मिनट के इस जन जागरूकता वीडियो स्पॉट में जहरखुरानों से सावधान, ट्रेन में ज्वलनशील पदार्थ लेकर न चलें, पटरी ट्रेन के लिए है, इस पर न चलें, ट्रेन की छत पर यात्रा करना अपराध है आदि के बारे में बताया गया है। यह भी दिखाया गया कि ऐसा करने से इसके क्या दुष्परिणाम हैं। वीडियो स्पॉट को सीआरबी वीके यादव शनिवार को एनसीआर मुख्यालय में लांच करेंगे। यह वीडियो स्पॉट नियमित अंतराल के बाद जंक्शन एवं जोन के अन्य प्रमुख स्टेशनों पर यात्रियों को जागरूक करेगा।