प्रयागराज में वायरल बुखार जानलेवा साबित हो रहा है। दो दिनों के भीतर दो लोगों की मौत हो गई। शिक्षक नेता समेत एक बच्ची की बुखार से मौत हो गई है। अस्पतालों में वायरल बुखार के मरीजों की काफी तादात में भीड़ देखी जा रही है। सरकारी अस्पतालों के अलावा निजी अस्पतालों में भी काफी मरीज इलाज करा रहे हैं। जिले में हड्डी तोड़ बुखार, डेंगू, मलेरिया समेत वायरल बुखार का प्रकोप चल रहा है।
बुधवार को सुबह झलवा में रहने वाले दीपक कुमार पांडेय की पुत्री देवांशी पांडेय (10) की वायरल बुखार से मौत हो गई। वह राजरूपपुर में 60 फीट रोड पर स्थित सरस्वती शिशु मंदिर में पांचवीं में पढ़ती थी। वह तीन दिनों से बुखार से पीड़ित थी। उसका उपचार चल रहा था। बुधवार को बच्ची ने दम तोड़ दिया। इससे परिवार में कोहराम मच गया है।
बता दें सोमवार को ईश्वर शरण इंटर कॉलेज के पूर्व प्रधानाचार्य ऋषिदेव त्रिपाठी की मौत वायरल बुखार से हो गई थी। वह कई दिनों से वायरल से पीड़ित थे। उनका उपचार लखऊ के डॉ. राममनोहर लोहिया अस्पताल में चल रहा था।
स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल के मेडिसिन विभाग के हेड डॉ. मनोज माथुर का कहना है कि वायरल का प्रकोप चल रहा है। बड़ी संख्या में मरीज रोजाना अस्पताल में आ रहे हैं। तनिक सावधानी बरतने से हम इससे बच सकते हैं। जैसे ठंडा पानी न पीएं, मच्छरदानी लगाकर सोएं, फल और जूस का अधिक सेवन करें और दिनचर्या नियमित रखें। तबियत खराब होने पर तत्काल डॉक्टर से संपर्क करें।