कौशांबी कोतवाली के बिगहरा उस्मानपुर में सोमवार सुबह पुलिस के सामने पट्टीदारों के बीच जमकर लाठियां चलीं। मारपीट की इस घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई। घटना में दोनों पक्ष से महिला समेत पांच लोग जख्मी हो गए।
पुलिसकर्मियों की सूचना पर थाने से पहुंची फोर्स ने घायलों को इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बिगहरा उस्मान निवासी रविशंकर द्विवेदी उर्फ लल्लू (55) व प्रेमबली चचेरे भाई हैं।
दोनों के घर व खेत अगल-बगल हैं। पिछले दिनों प्रेमबली ने अपने खेत के चारों तरफ मवेशियों से फसल को बचाने के लिए कंटीले तार लगवाए थे। इस कारण लोग रविशंकर के खेत से होकर गुजरने लगे। इसी बात को लेकर सोमवार सुबह 10 बजे रविशंकर व प्रेमबली के बीच बहस होने लगी।
देखते ही देखते दोनों तरफ से लोग पहुंचे और लाठी-डंडों से एक दूसरे पर हमला कर दिया। मारपीट होते देख गांव के रविशंकर के छोटे भाई ने तिल्हापुर पुलिस चौकी फोन कर घटना की जानकारी दी। गांव के लोगों की मानें तो चौकी से दो सिपाही मौके पर पहुंचे, लेकिन उन्होंने किसी को रोकना मुनासिब नहीं समझा।
इस बीच दूसरे पक्ष ने रविशंकर के सिर पर डंडे से वार कर घायल कर दिया। इसमें वह खून से लथपथ होकर तड़पने लगा। परिवार के लोग इलाज के लिए प्रयागराज ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में भगवतपुर के समीप रविशंकर की मौत हो गई।
वहीं दूसरी ओर मारपीट में मृतक रविशंकर का छोटा भाई गौरीशंकर व दूसरे पक्ष से प्रेमबली, उसकी पत्नी रन्नो देवी व बेटे धर्मेंद्र को चोटें आईं हैं। पुलिस ने सभी घायलों को इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस ने प्रेमबली द्विवेदी उसके बड़े लड़के अजय व पत्नी रन्नो देवी को हिरासत में ले लिया है। देर शाम तक पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की थी।