आम आदमी पार्टी के दिल्ली के विधायक और जिले के प्रभारी सोमनाथ भारती ने सोमवार को जिले की तीन विधानसभा क्षेत्रों का दौरा कर कार्यकर्ताओं में जोश भरा। इस दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने पार्टी की सदस्यता भी ली।
दिल्ली विधायक ने फूलपुर विधानसभा, प्रतापपुर विधानसभा और हंडिया विधानसभा का दौरा कर तीन स्थानों पर जन संवाद किया। इस दौरान यूपी सरकार की नीतियों का आलोचना की और कई सवाल खड़े किए। उन्होंने दिल्ली सरकार द्वारा लोगों के लिए किए गए कार्यों को बताया। कहा कि बिजली, पानी फ्री करने के साथ स्कूलों की हालत कॉन्वेंट स्कूलों से बेहतर कर दी।
विधायक ने मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह को भी घेरा। कहा कि दिल्ली के मंत्री मनीष सिसोदिया ने जब उनकी चुनौती को स्वीकार कर लिया तो वे लखनऊ से भाग खड़े हुए और मनीष सिसौदिया को स्कूल देखने से रोक दिया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के सहप्रभारी अभिनव राय ने कहा दिल्ली के प्राइमरी स्कूलों में जितनी भी सुख सुविधाएं हैं सब फ्री में है। कॉपी, किताब, पेंसिल, बैग, जूता, मोजा, यूनिफॉर्म सब दिल्ली सरकार मुहैया कराती है। जिलाध्यक्ष डॉक्टर अल्ताफ अहमद, महिला जिला अध्यक्ष पूनम सिंह आदि ने भी अपनी बात रखी।