करनाईपुर क्षेत्र के महपूरा-गौहानी संपर्क मार्ग बनाने के लिए प्रदर्शन करते ग्रामीण।
बहरिया क्षेत्र के सराय रजानी, महपूरा, गौहानी और अतनपुर गांवों को जोड़ने वाले संपर्क मार्ग की बदहाल स्थिति से नाराज ग्रामीणों ने रविवार को प्रदर्शन कर सड़क निर्माण की मांग उठाई। ग्रामीणों का आरोप है कि करीब पांच वर्ष पहले ठेकेदार ने सड़क पर मिट्टी डालकर निर्माण कार्य अधूरा छोड़ दिया था। इसके बाद आज तक सड़क का निर्माण पूरा नहीं कराया गया।
बारिश के दौरान सड़क पर कीचड़ और मिट्टी जमा होने से पैदल चलना और वाहनों का आवागमन बेहद कठिन हो गया है। इससे स्कूली बच्चों, किसानों, मरीजों और राहगीरों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। गांव के रणजीत यादव की अगुवाई में ग्रामीणों ने सड़क पर खड़े होकर विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने बताया कि यह संपर्क मार्ग क्षेत्र के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है और इस मार्ग से रोज करीब चार से पांच हजार लोगों की आवाजाही होती है। सड़क की जर्जर हालत के कारण लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। प्रदर्शन में रणजीत यादव, लालजी पाल, शेखर पटेल, संतोष पटेल, अशोक पाल आदि मौजूद रहे। एसडीएम अविनाश कुमार सिंह ने बताया कि इस संबंध में पीडब्ल्यूडी विभाग को निर्देशित किया जाएगा और जांचकर संपर्क मार्ग को पक्का करने के लिए पीडब्ल्यूडी विभाग को निर्देश जारी किया जाएगा।