कोहड़ारघाट में महीनो से फुंका ट्रांसफार्मर। संवाद
क्षेत्र के मुड़पेला और कोहड़ार पुरानाडीह गांव में बीते कई महीनों से ट्रांसफार्मर जले पड़े हैं, जिससे ग्रामीणों को अंधेरे में रहने को मजबूर होना पड़ रहा है। जनसुनवाई पोर्टल से लेकर विभागीय अधिकारियों तक बार-बार शिकायत के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो सका है, जिससे स्थानीय निवासियों में नाराजगी है।
मुड़पेला निवासी संजय सिंह ने बताया कि लगभग एक महीने पहले गांव में नया ट्रांसफार्मर लगाया गया था, जो अगले ही दिन दोबारा जल गया। इस संबंध में अवर अभियंता प्रमोद यादव ने जल्द नया ट्रांसफार्मर लगवाने का आश्वासन दिया था लेकिन हफ्तों बीत जाने के बाद भी स्थिति जस की तस है। ऐसी ही गंभीर स्थिति कोहड़ार पुरानाडीह की बनी हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि ट्रांसफार्मर जलने की शिकायत कई बार जनसुनवाई पोर्टल पर दर्ज कराई जा चुकी है और संबंधित विभागीय अधिकारियों को भी व्यक्तिगत रूप से सूचित किया गया है। इसके बावजूद अधिकारी बेपरवाह बने हुए हैं और समस्या का कोई स्थायी हल नहीं निकल रहा। क्षेत्रीय निवासी मुकेश कनौजिया ने बताया कि बिजली न रहने से पेयजल समस्या भी बनी हुई है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि अगर जल्द दोनों गांवों में क्षमता अनुसार नए ट्रांसफार्मर लगाकर बिजली आपूर्ति बहाल नहीं की गई, तो वह बिजलीघर का घेराव कर उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे।