पिस्टल दिखाकर मोबाइल लूटकर भाग रहे बाइक सवार बदमाशों को ग्रामीणों ने दबोच लिया। हालांकि एक आरोपी भागने में कामयाब रहा। मौके पर पहुंची पुलिस दोनों आरोपियों को पकडक़र थाने ले गई। जहां उनसे पूछताछ की जा रही है।
जेठवारा थाना क्षेत्र के होला का पुरवा तिराहे पर सोमवार की रात अवधेश निर्मल पुत्र राम प्यारे मोबाइल लेकर खड़ा था। इस बीच बाइक सवार तीन युवक उसके करीब पहुंचे। अवधेश से लक्ष्मीगंज जाने का रास्ता पूछते हुए पिस्टल सटा दिया। पिस्टल के बल पर अवधेश से मोबाइल छीनकर भागने लगे। यह देख वह शोर मचाते हुए बाइक पर पीछे बैठे बदमाश को दबोच लिया।
शोर शराबा सुनकर गांव के लोग भी आ गए। एक बदमाश भाग निकला। जबकि दो बदमाशों को ग्रामीणों ने दबोच लिया। तलाशी के दौरान बदमाशों के पास से नकली पिस्टल बरामद हुई। पकड़े गए बदमाशों की लोगों ने जमकर पिटाई कर और उन्हें पुलिस के हवाले कर दिया।
सूचना मिलने पर सीओ सदर अरविंद कुमार वर्मा भी मौके पर पहुंचे। घायल बदमाशों का उपचार कराने के बाद थाने भेज दिया। प्रभारी थानाध्यक्ष ने बताया कि पकड़े गए युवकों से पूछताछ की जा रही है। लूट करने वाला एक आरोपी लखनपुर का रहने वाला आशीष यादव तो दूसरा जेठवारा का नितिन बताया जाता है।