गिरफ्तार किया गया विकास दुबे
- फोटो : ani
कानपुर के चौबेपुर थाना के बिकरू गांव में दहशतगर्द विकास दुबे व उसके साथियों ने सीओ समेत आठ पुलिसकर्मियों को गोलियों से छलनी कर दिया था। शहीद होने वालों में मानधाता थाने के बेलखरी निवासी दरोगा अनूप कुमार सिंह भी शामिल थे। शहीद अनूप सिंह के पिता रमेश बहादुर सिंह को जब विकास दुबे के उज्जैन में पकड़े जाने की खबर मिली तो वह भावुक हो उठे।
उन्होंने कहा कि जिस तरह पुलिस के आठ जवानों को मौत की नींद सुला दिया गया, ठीक उसी तरह दहशतगर्द विकास दुबे का भी इनकाउंटर होना चाहिए। प्रदेश की सीमा सील होने व पुलिस व एसटीएफ की टीम की तलाश के बीच नाटकीय तरीके से विकास दुबे कैसे मध्य प्रदेश के उज्जैन पहुंच गया। उसने महाकाल मंदिर पहुंचकर खुद सरेंडर कर दिया। प्रदेश की पुलिस उसे बुधवार को नोएडा में खोज रही थी। पुलिस की कार्यप्रणाली सवालों के घेरे में है। उनका कहना है कि ऐसे शातिर अपराधी का इनकाउंटर होना चाहिए।