होलागढ़ में स्मैक तस्कर को छोड़ने की डील का ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। कथित रूप से यह ऑडियो थाने में तैनात एक सिपाही का बताया गया। वह खुद को एसओजी का जवान बताकर 50 हजार रुपयों की मांग करता सुनाई पड़ रहा है। हालांकि एसओ इसे फर्जी बता रहे हैं। 2.20 मिनट के इस ऑडियो में दो लोगों के बीच की बातचीत सुनाई पड़ रही है। कथित रूप से बातचीत में एक व्यक्ति पुलिसकर्मी जबकि दूसरा स्मैक तस्कर है।
बातचीत में सबसे पहले कथित पुलिसकर्मी यह कहते सुनाई पड़ता है कि फोन मत कराओ, जितना कहा गया है उतना कर दो। इस पर दूसरा व्यक्ति कहता है कि काम शुरू किए हुए एक दिन हुआ है। ऐसे में इतने रुपये वह कहां से इंतजाम करे। कथित पुलिसकर्मी उसे मिलने के बुलाता है तो दूसरा व्यक्ति उससे कहता है कि आप अपना नाम तो बताइए।
इसके बाद कथित सिपाही अपना नाम अभिजीत बताता है जिस पर दूसरा व्यक्ति कहता है कि उसने पता कर लिया है इस नाम का कोई व्यक्ति टीम में नहीं है। इस पर कथित पुलिसकर्मी कहता है कि वह क्राइम ब्रांच से है। बातचीत के दौरान ही किसी अजय नाम के शख्स का भी जिक्र दोनों करते हैं।
इसी दौरान कथित पुलिसकर्मी कहता है कि इंतजाम नहीं कर पाओगे तो मैं पकड़े गए व्यक्ति को ले जा रहा हूं। इस पर सामने वाला जवाब में कहता है कि हिसाब से बात करिए तो मैं इंतजाम कर दूंगा। आगे भी मैनेज होकर काम करूंगा। लेकिन लाख-50 हजार रुपये की बात होगी तो मुश्किल होगी। कथित रूप से यह ऑडियो होलागढ़ थाने में तैनात सिपाही का बताया जा रहा है। हालांकि एसओ अमित कुमार सिंह ऑडियो फर्जी बताते रहे।