मेरठ से प्रयागराज आ रही संगम एक्सप्रेस में टीटीई और कोच अटेंडेंट की मिलीभगत से सीट बेचने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। यात्री द्वारा बनाए गए इस वीडियो के आधार पर उत्तर मध्य रेलव ने जांच के आदेश दे दिए हैं।
जितेंद्र सिंह खरे नामक यात्री ने ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) और यूट्यूब पर तकरीबन 50 मिनट का वीडियो साझा किया है। वीडियो में दिख रहा है कि कोच अटेंडेंट यात्रियों से सीट का रेट तय कर रहा है। एक सीट के बदले 800 से 1000 रुपये वसूले जा रहे थे। वायरल क्लिप में अटेंडेंट को यह कहते सुना जा सकता है कि वह सौ रुपये अपने पास रखेगा और बाकी रकम टीटीई को दी जाएगी। मामला तूल पकड़ते ही रेल प्रशासन हरकत में आ गया है।
मंडल पीआरओ अमित कुमार सिंह ने बताया कि 50 मिनट के वीडियो की बारीकी से पड़ताल की जा रही है। वीडियो में टीटीई और अटेंडेंट की भूमिका का विश्लेषण किया जा रहा है। इसी वीडियो के आधार पर अलीगढ़ स्टेशन पर ओवरचार्जिंग करने वाले एक स्टॉल पर पहले ही कार्रवाई की जा चुकी है। जांच के बाद साक्ष्यों के आधार पर दोषी रेलकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।