चंद्रशेखर आजाद पार्क स्थित राजकीय पब्लिक लाइब्रेरी में सोमवार को कार्यक्रम आयोजित कर 131 वर्ष पहले हुई प्रदेश विधानमंडल की पहली बैठक की स्मृतियों को सहेजा गया। इस मौके पर पांच स्वतंत्रता सेनानियों को अंग वस्त्र तथा प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वाले सेनानी पुन्नू लाल, मकसूद उल्ला, राजकुमार मित्तल, राम राज और राजाराम सिंह हैं। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने लाइब्रेरी में हर साल आठ जनवरी को आयोजन की भी घोषणा की।
नार्थ वेस्टर्न प्राविसेंज एंड अवध लेजिस्लेटिव कौंसिल, जो वर्तमान में उत्तर प्रदेश विधानमंडल है की पहली बैठक 131 वर्ष पहले आठ जनवरी को थार्नाहिल मेन मेमोरियल हाल में हुई थी। आज वहां राजकीय पब्लिक लाइब्रेरी है। इस मौके पर आयोजित कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री ने प्रयाग के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डाला। कहा कि इस मौके को यादगार बनाने के लिए लाइब्रेरी में हर साल आठ जनवरी को कार्यक्रम आयोजित होगा। उन्होंने कहा कि इस मौके पर अलग-अलग क्षेत्र में विशिष्ट सेवा देने वाले प्रयाग के लोगों को सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम को पुस्तकालय अध्यक्ष गोपाल मोहन शुक्ला तथा स्वतंत्रता सेनानियों ने भी संबोधित किया। संजय पुरुषार्थी ने संचालन किया। कार्यक्रम में विधायक हर्षवर्धन बाजपेई, दीपक पटेल, डॉ.बीबी अग्रवाल, अवधेश गुप्ता, सुबोध सिंह, पवन श्रीवास्तव आदि शामिल रहे।
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के प्रयास सफल हुए तो राजकीय पब्लिक लाइब्र्रेरी में एक बार फिर विधानमंडल की बैठक होगी। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि यहां विधानसभा का सत्र कराने या कैबिनेट बैठक के लिए प्रयास करेंगे।