प्रयागराज रामबाग से हावड़ा जाने वाली 02333/02334 विभूति एक्सप्रेस 20 फरवरी तक रामबाग से मंडुवाडीह तक निरस्त रहेगी। इस दौरान ट्रेन का संचालन मंडुवाडीह से वाराणसी के बीच होगा। शुक्रवार से ही यह व्यवस्था प्रभावी हो गई। इस वजह से विभूति एक्सप्रेस शुक्रवार को रामबाग नहीं आई।
दरअसल वाराणसी-प्रयागराज जंक्शन के बीच रेलवे द्वारा दोहरीकरण का कार्य किया जा रहा है। यहां माधोसिंह-ज्ञानपुर रोड रेल खंड पर 17 फरवरी तक प्री-नान इंटर लॉक कार्य होगा। इस वजह से संबंधित रूट पर कुछ ट्रेनों के मार्ग में भी परिवर्तन किया गया है।
एनसीआर के पीआरओ अशोक कुमार ने बताया कि 19 फरवरी तक लोकमान्य तिलक टर्मिनल से चलने वाली ट्रेन संख्या 01061/01062 लोकमान्य तिलक टर्मिनल-जयनगर स्पेशल एक्सप्रेस रामबाग के स्थान पर परिवर्तित मार्ग प्रयागराज-जंघई-वाराणसी के रास्ते चलेगी। 02791 सिकंदराबाद-दानापुर स्पेशल एक्सप्रेस अपने निर्धारित मार्ग के स्थान पर 19 फरवरी तक परिवर्तित मार्ग प्रयागराज-मिर्जापुर-दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन के रास्ते चलेगी। 02561 जयनगर-नई दिल्ली स्पेशल एक्सप्रेस भी रामबाग की जगह वाराणसी-जंघई-प्रयागराज होकर चलेगी।