फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

छात्रों के समर्थन में उतरा विहिप, मुकदमे का आदेश

Tue, 30 Dec 2014 11:53 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, इलाहाबाद
विज्ञापन
विज्ञापन
शियाट्स गेट पर सोमवार दोपहर धर्मांतरण के विरोध में नारेबाजी करने पहुंचे छात्रों पर बर्बरतापूर्वक लाठियां चलाने वालों के खिलाफ  डीएम भवनाथ ने एफआईआर दर्ज कराने का आदेश जारी कर दिया है। मामला धर्मांतरण से जुड़ा है, सो विश्व हिंदू परिषद (विहिप) भी छात्रों के समर्थन में उतर आया है। मंगलवार को नैनी में हुई विहिप कार्यकर्ताओं की बैठक में घटना की निंदा की गई और छात्रों पर लाठिया भांजने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और शियाट्स के कुलपति के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की गई।
विज्ञापन


धर्मांतरण के विरोध में सोमवार को हिंदू हास्ॅटल के छात्र राणा यशवंत प्रताप सिंह अपने कई साथियों के साथ शियाट्स कॉलेज के गेट पर प्रदर्शन करने पहुंच गए थे। प्रदर्शनकारी छात्रों पर वहां तैनात निजी गार्डों ने लाठीचार्ज कर दिया और छात्रों की जमकर पिटाई कर दी। हालांकि छात्रों की तरफ से भी पथराव किया गया। घटना के बाद शियाट्स के सहायक निदेशक (प्रशासन) डॉ. रमाकांत दुबे ने नैनी कोतवाली में तीन दर्जन से अधिक छात्रों के खिलाफ बलवा करने और धार्मिकता के खिलाफ नारेबाजी करने के आरोप में मुकदमा दर्ज करा दिया। छात्रों के खिलाफ मुकदमा दर्ज होने के बाद मामला और गरमा गया। छात्र मंगलवार को डीएम के पास पहुंच गए और लाठीचार्ज करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। मामले में डीएम ने इंस्पेक्टर नैनी को छात्रों पर लाठियां चलाने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने का आदेश जारी कर दिया। हालांकि देर रात तक मुकदमा दर्ज नहीं हुआ। इंस्पेक्टर नैनी इंद्रजीत चतुर्वेदी का कहना है कि डीएम का आदेश उन्हें नहीं मिला है। आदेश मिलते ही एफआईआर दर्ज कर ली जाएगी।

उधर, धर्मांतरण के मुद्दे पर बवाल होने के बाद विहिप कार्यकर्ता सक्रिय हो गए हैं। विहिप के महानगर अध्यक्ष सुरेश अग्रवाल का कहना है कि भले ही यह कार्यक्रम विहिप की कार्ययोजना में नहीं था और न ही किसी पदाधिकारी को इसकी जानकारी थी लेकिन छात्रों पर इस तरह बर्बरतापूर्वक लाठीचार्ज करना सरासर गलत है। उन्होंने मामले में शियाट्स के कुलपति के खिलाफ एफआईआर दर्ज किए जाने सहित छात्रों के पीटने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। छात्रों के समर्थन में मंगलवार दोपहर महानगर अध्यक्ष के नेतृत्व में विहिप की बैठक भी हुई। महानगर अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि शियाट्स में शिक्षा के नाम पर धर्मांतरण का कारखाना चलाया जा रहा है। इसकी जांच के लिए मानव संसाधन मंत्रालय को अवगत कराया जाएगा। साथ ही उन्होंने घटना की मजिस्ट्रेटी जांच की मांग भी की। बैठक में अमित पाठक, अजय गुप्ता, शिवम द्बिवेदी, रामलखन, अश्विनी मिश्र, आशुतोष श्रीवास्तव, डॉ. उमेश भट्ट, प्रकाश वैश्य, रिफू माली, आनंद, अनुज, गौरव जायसवाल, अभिषेक शुक्ला आदि मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें