प्रतापगढ़ के जेठवारा इलाके में सोमवार सुबह बाइक से कचहरी जा रहे अधिवक्ता व विहिप प्रखंड कुंडा के जिलाध्यक्ष को बाइक सवार दो बदमाशों ने गोलियों से भून दिया। इससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। उनकी बाइक पर पीछे बैठा युवक हत्यारोपियों के साथ भाग निकला।
मौके पर पहुंची पुलिस शव लेकर बाघराय सीएचसी जाने लगी, जिसे परिजनों ने छीनकर कब्जे में ले लिया। घटना से गुस्साए लोगों ने जेठवारा तिराहे पर जाम लगा दिया। खबर पर पहुंचे एसपी से लोगों की तीखी झड़प हुई।
आक्रोशित परिजन शव लेकर घर चले गए। लोग सीएम को बुलाने के बाद ही शव पोस्टमार्टम के लिए देने की जिद पर अड़ गए। महेशगंज थाना क्षेत्र के कलिकापुर सरायखानदेव निवासी ओम मिश्रा (35) पुत्र तीरथराज मिश्रा विश्व हिंदू परिषद प्रखंड कुंडा के जिलाध्यक्ष व पेशे से अधिवक्ता थे।
सोमवार की सुबह करीब साढ़े नौ बजे के बाद वह बाइक लेकर कचहरी के लिए निकले। रास्ते में उनकी बाइक पर एक युवक सवार हो गया। जेठवारा के देवापुर सकली के करीब पहुंचने पर पीछे बैठे युवक ने ओम से बाइक रोकने के लिए कहा।