सुसज्जित रथ पर आरूढ़ होकर नगर दर्शन के लिए निकले वेणी माधव
प्रयागराज। पौष पूर्णिमा की शुभ बेला में सोमवार को प्रयागराज के आराध्य भगवान वेणी माधव की नगर दर्शन परिक्रमा शोभायात्रा कोविड प्रोटोकॉल के बीच उत्सव में तब्दील हो गई। ऊंट, घोड़े से सुसज्जित शोभायात्रा में भगवान वेणी माधव की प्रतिमा को रथ पर निकाला गया। बाजेगाजे के साथ निकली नगर दर्शन परिक्रमा में संतों-भक्तों का समागम देखने लायक था। यात्रा के दौरान जगह-जगह स्वागत कर लोगों ने आरती उतारी।
दारागंज स्थित मंदिर में दिन के 12 बजे सविधि मंत्रोच्चार के साथ भगवान वेणी माधव की पूजा की गई। इसके बाद सुसज्जित रथ पर वेणी माधव की प्रतिमा को आरूढ़ कराया गया। दूसरे रथ पर वेणी माधव मंदिर के ब्रहमलीन महंत ओंकार देव गिरि का चित्र सजाया गया। अखाड़ा परिषद के महामंत्री हरि गिरि, वेणी माधव मंदिर की महंत महामंडलेश्वर डॉ. वैभव गिरि ने भगवान के स्वरूप की आरती उतारी। इसके बाद यात्रा आरंभ हुई। यात्रा वेणी माधव मंदिर से निराला चौराहा, डॉ. प्रभात शास्त्री मार्ग, कच्ची सड़क से नागवासुकि मंदिर होते हुए वापस बख्शी त्रिमुहानी, बड़ी कोठी से दारागंज स्थित धकाधक चौराहे पर पहुंची। वेणी माधव मंदिर पर पहुंचकर यात्रा समाप्त हुई। इस दौरान रास्ते भर लोगों ने जगह -जगह रथ की अगवानी की और परिक्रमा यात्रा का स्वागत किया। डीजे पर मोहक भक्ति धुन बज रही थी। सबसे पीछे बैंड पार्टी वाले भक्ति गीत गा रहे थे। इस यात्रा में मंदिर के पुजारी सर्वदा तिवारी,माघवेंद्र त्रिपाठी, मधु चकहा,कुल्लू यादव समेत सैकड़ों लोग शामिल रहे। यात्रा में जगह-जगह भक्तों ने खूब स्वागत सत्कार किया। रात 8:30 बजे भव्य महाआरती के बाद भक्तों को हलवा प्रसाद वितरित किया गया।