समदा चौराहे के पास मालवाहक वाहन में कुछ इस तरह से सफर करते मुसाफिर। संवाद
- फोटो : samvad
मंझनपुर। ऑटो-ई-रिक्शा व लोडर के चालक ओवरलोडिंग कर यात्रियों की जान खतरे में डाल रहे हैं। इससे कई बार हादसे भी हो चुके हैं। इसके बाद भी वाहन चालक और विभाग के जिम्मेदार चेत नहीं रही है। गंतव्य तक पहुंचने की जल्दी में लोग वाहनों के पायदान पर भी खड़े होकर सफर करते हैं। ऐसे में यदि चालक अचानक ब्रेक लगा दे तो बड़ा हादसा होना तय है।
ऑटो चालक वाहनों में क्षमता से अधिक यात्रियों को बैठाकर सुरक्षा को ताक पर रखकर चल रहे हैं। चालकों की मनमानी पर अंकुश लगाने में यातायात पुलिस नाकाम साबित हो रही है। परिवहन विभाग कार्यशाला, शिविर और जागरूकता रैलियों के माध्यम से लोगों को समय-समय पर जागरूक करता रहता है लेकिन, यह तस्वीर बता रही है कि इन अभियानों का इनपर कोई असर नहीं पड़ रहा है।
लोग अपने गंतव्य पहुंचने के लिए लोडर गाड़ियों पर भी सवार हो रहे हैं। जो जोखिम भरा है क्योंकि इनपर सामान लदे होते हैं। इसके अलावा क्षमता से अधिक सवारियां भर रहे हैं।
अधिकांश लोग ऑटो के पायदान पर बैठते हैं। जबकि, तीन से चार लोग लटके नजर आते हैं। शुक्रवार को समदा चौराहे के पास भरवारी की ओर एक लोडर में एक दर्जन से अधिक लोग खड़े थे तो वहीं पांच से छह बैठकर सफर करते नजर आए। इसी तरह मंझनपुर करारी स्थित सपा कार्यालय के सामने से एक चालक अपने ट्रैक्टर-ट्रॉली में लोगों को बैठा रहा था। वहीं सिराथू रोड पर एक ऑटो के पायदान में लोग खड़े होकर सफर करते नजर आएं।
मालवाहक वाहन और सवारियों की ओवरलोडिंग पूरी तरह से प्रतिबंधित है। जिले में कोई भी मालवाहक सवारी ढोता और ओवरलोड टेपों मिला तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। साथ ही पुलिस रोकथाम के लिए अभियान चलाएगी।- राजेश कुमार, एसपी
समदा चौराहे के पास मालवाहक वाहन में कुछ इस तरह से सफर करते मुसाफिर। संवाद- फोटो : samvad