प्रो. राजेंद्र सिंह (रज्जू भइया) राज्य विश्वविद्यालय की ताइक्वांडो टीम पटियाला में 10 से 17 मार्च तक आयोजित होने वाली ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी प्रतियोगिता में शामिल नहीं होगी। कोरोना वायरस के मद्देनजर राज्य विवि ने अपनी टीम को प्रतियोगिता में न भेजने का निर्णय लिया है। इन दिनों विश्वविद्यालय की वार्षिक परीक्षाएं भी चल रही हैं, सो टीम न भेजने का एक कारण यह भी है। इस बाबत विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार शेषनाथ पांडेय की ओर से आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
रजिस्ट्रार की ओर से जारी दिशा-निर्देश में कहा गया है कि विश्वविद्यालय की वार्षिक परीक्षा सत्र 2019-20 एवं देश के कई हिस्सों में पैर पसार चुके कोरोना वायरस के मद्देनजर ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी प्रतियोगिता में प्रो. राजेंद्र सिंह (रज्जू भइया) राज्य विश्वविद्यालय की टीम प्रतिभाग नहीं करेगी। विश्वविद्यालय की वार्षिक परीक्षा की समाप्ति और कोरोना वायरस के संक्रमण के पूरी तरह से समाप्त होने के बाद ही विश्वविद्यालय को प्रतियोगिता में भागीदारी की अनुमति दी जाएगी। गौरतलब है कि पटियाला में 10 से 13 मार्च तक महिला वर्ग और 14 से 17 मार्च तक पुरुष वर्ग की ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी ताइक्वांडो प्रतियोगिता आयोजित की जानी है।