इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि) में स्नातकोत्तर (पीजी) पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए विभिन्न विभागों ने बुधवार को नई कटऑफ लिस्ट, काउंसलिंग और दस्तावेज सत्यापन की तिथियां जारी की है।
एमए (शिक्षा) की पांचवीं कट ऑफ सूची में अनुसूचित जाति (एससी ) वर्ग के लिए 26 या उससे अधिक अंक निर्धारित किए गए हैं। अभ्यर्थियों की काउंसलिंग 22 और 23 जुलाई को होगी।
भौतिकी विभाग ने पीजी प्रवेश की छठी कट ऑफ जारी करते हुए सामान्य वर्ग (यूआर) के लिए 140 या उससे अधिक व एससी वर्ग के लिए 22 या उससे अधिक अंक निर्धारित किए हैं। ऑनलाइन पंजीकरण और दस्तावेज अपलोड 23 से 24 जुलाई को होगी, जबकि दस्तावेज सत्यापन और शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 24 जुलाई है।
वनस्पति विज्ञान विभाग ने भी पीजी प्रवेश के लिए नई कट ऑफ जारी की है। ओबीसी वर्ग के लिए 140 या उससे अधिक अंक निर्धारित किए गए हैं। मानव विज्ञान (एंथ्रोपोलॉजी) विभाग की पहली कट ऑफ सूची के अनुसार सामान्य वर्ग के लिए 192, ओबीसी 149.1, ईडब्ल्यूएस 153.9, एससी 122 या उससे अधिक अंक निर्धारित किए गए हैं, जबकि एसटी वर्ग के सभी अभ्यर्थी पात्र होंगे।
प्रवेश प्रक्रिया 23 जुलाई से शुरू होगी। पंजीकरण और दस्तावेज अपलोड 25 जुलाई दोपहर दो बजे तक तथा सत्यापन और शुल्क जमा 25 जुलाई शाम पांच बजे तक होगा। इस बीच, एमएससी प्रथम सेमेस्टर बॉटनी और एमएससी एग्रीकल्चरल माइक्रोबायोलॉजी की नियमित कक्षाएं 24 जुलाई से विभागीय नोटिस बोर्ड पर प्रदर्शित समय-सारिणी के अनुसार प्रारंभ होंगी।
फैमिली एंड कम्युनिटी साइंसेज विभाग ने एमएससी फूड एंड न्यूट्रिशन तथा एमए/एमएससी टेक्सटाइल एंड अपैरल डिजाइनिंग प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों को 30 और 31 जुलाई को सुबह 10 बजे से दोपहर दो बजे के बीच विभाग में उपस्थित होकर मूल प्रमाण-पत्रों एवं स्वयं सत्यापित प्रतियों के साथ भौतिक सत्यापन और नामांकन कराने के निर्देश दिए हैं।