बनारस हिंदू विश्वविद्यालय वाराणसी के लापता छात्र शिव कुमार त्रिवेदी का पता लगाने में पुलिस को अभी भी कामयाबी नहीं मिल सकी है। वाराणसी पुलिस ने हाईकोर्ट से छात्र की तलाश के लिए कुछ और समय देने की मांग की है। एएसपी ने कोर्ट के समक्ष हाजिर होकर बताया कि लापता छात्र की सरगर्मी से तलाश की जा रही है। अभी तक कुछ पता नहीं चला है इसलिए और समय दिया जाए।
कोर्ट ने याचिका चार नवंबर को सुनवाई के लिए पेश करने का निर्देश दिया और कहा है कि पुलिस अगर नहीं तलाश कर सकी तो जांच स्वतंत्र एजेंसी को सौंप दी जाएगी।
यह आदेश न्यायमूर्ति प्रीतिंकर दिवाकर तथा न्यायमूर्ति दीपक वर्मा की खंडपीठ ने अधिवक्ता सौरभ तिवारी की पत्र जनहित याचिका पर दिया है । उल्लेखनीय है कि बीएचयू का छात्र रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गया था। उसे पुलिस हॉस्टल से बुलाकर ले गई थी उसके बाद वह आज तक नहीं लौटा। जबकि पुलिस का कहना है कि छात्र को कुछ घंटे के बाद ही छोड़ दिया गया था उसके बाद वह कहां गया इसका पता लगाया जा रहा है। कोर्ट ने समय देते हुए तलाशी मे उठाए गए कदमों की जानकारी के साथ एएसपी से हलफनामा मांगा है।