वाराणसी के मंडुवाडीह स्टेशन पर इंजन के पेंटों में आ गई थी खराबी
दो घंटे से ज्यादा देर तक खड़ी रही ट्रेन, जंक्शन पर यात्री हुए परेशान
प्रयागराज। वाराणसी से नई दिल्ली जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस के इंजन में रविवार को खराबी आ गई। इस वजह से ट्रेन इलाहाबाद जंक्शन 3.41 घंटे की देरी से रात 8.15 बजे पहुंची। फरवरी माह से शुरू हुई वंदे भारत का यह पहला मौका रहा कि जब ट्रेन यहां इतनी लेट आई। बताया जा रहा है कि इंजन के पेंटों में आई खराबी की वजह से ही ट्रेन रविवार को मंडुवाडीह-हरदत्तपुर रेलवे स्टेशन के बीच दो घंटे से ज्यादा समय तक खड़ी रही। चर्चा इस बात की है वहां ओएचई में भी गड़बड़ी हुई । इसे लेकर यात्रियों ने भी खूब हो हल्ला किया। जंक्शन पर भी ट्रेन को इंतजार कर रहे यात्रियों को परेशानी हुई। ज्यादा लेट होती देख जंक्शन पर कुछ यात्रियों ने अपने टिकट भी निरस्त करवा दिए।
वाराणसी से ट्रेन तीन बजे की बजाय 3.25 बजे नई दिल्ली के लिए चली। इस बीच मंडुवाडीह रेलवे स्टेशन पार करते ही इसके इंजन में खराबी आ गई और ट्रेन बीच रास्ते में खड़ी हो गई। इस वजह से अंदर एसी भी बंद हो गया। सी-12 कोच में लगेे प्लग से धुंए निकलने की वजह से बाद में दोनों तरफ के आटोमेटिक गेट खोल दिए गए। यात्री बाहर निकल आए। बाद में एक दूसरे इंजन की मदद से ट्रेन को हरदत्तपुर रेलवे स्टेशन लाया गया। इस बीच वाराणसी से आई तकनीकी टीम ने इंजन के पेंटों में खामी पाई। उसे दुरुस्त करने के बाद शाम 5.50 बजे ट्रेन वहां से इलाहाबाद जंक्शन के लिए रवाना हुई। यहां पहुंचते-पहुंचते रात के 8.15 बज गए। जंक्शन से इस ट्रेन में काफी यात्रियों का नई दिल्ली के लिए रिजर्वेशन था। यदा कदा ही लेट होने वाली इस ट्रेन के शाम 4.35 की बजाय रात 8.15 पहुंचने से यात्रियों को परेशानी हुई। यहां से रात 8.20 बजे ट्रेन ने प्रस्थान किया। इसके रात दो बजे के आसपास नई दिल्ली पहुंचने की उम्मीद जताई।
काशन के चलते देरी से आई ट्रेन
हरदत्तपुर से कछवां रोड के बीच चल रहे इंटरलॉकिंग कार्य की वजह से वंदे भारत नई दिल्ली से निर्धारित समय दोपहर दो बजे के बजाय 2:40 बजे कैंट रेलवे स्टेशन पहुंची। यही नहीं, रेल लाइन पर काम के चतले डायवर्ट की गई वंदे भारत एक्सप्रेस की लोकेशन ऑनलाइन नहीं मिल पा रही थी। इस पर ट्रेन निरस्त होने की अफवाह फैल गई।