शृंगवेरपुर में प्लास्टिक के उपयोग
पर लगेगा 150 रुपये का जुर्माना
पंचायती राज की टीम ने किया निरीक्षण, गांव के विकास के साथ आमदनी बढ़ाने का तैयार हुआ खाका
प्रयागराज। शृंगवेरपुर गांव का विकास खुद के संसाधन से होगा, लेकिन इसके लिए ग्रामीणों को कीमत चुकानी होगी। पंचायती राज विभाग की टीम ने शनिवार को गांव का निरीक्षण किया। इस दौरान ग्राम पंचायत की खुली बैठक भी हुई, जिसमें गांव के विकास के साथ आमदनी बढ़ाने पर भी चर्चा हुई।
इसके तहत गांव में प्लास्टिक का उपयोग प्रतिबंधित करने के साथ जुर्माना लगाने का प्रस्ताव भी स्वीकृत हुआ। निर्णय हुआ कि गांव में प्लास्टिक का उपयोग करने पर 150 रुपये जुर्माना वसूला जाएगा। गांव के बाजार में स्थित दुकानों से टैक्स लिए जाने का प्रस्ताव भी पारित हुआ। बैठक की अध्यक्षता ग्राम प्रधान सुलोचना ने की। बतौर विशिष्ट अतिथि मौजूद पंचायतीराज विभाग की उपनिदेशक तथा राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान की नोडल अधिकारी प्रवीणा चौधरी ने ग्रामीणों से सुझाव लिए। प्रवीणा ने गांव को गोद भी लिया है। सचिव ग्राम पंचायत सत्येंद्र सिंह ने बैठक की रिपोर्ट तैयार की। डीपीआरओ रेनू श्रीवास्तव, एडीपीआरओ आशुतोष कुमार, श्रीकांत यादव, अवधेश पटेल, अजय यादव,आयुष आशीष आदि मौजूद रहे।
बैठक के महत्वपूर्ण निर्णय
सिंगल यूज्ड प्लास्टिक का उपयोग प्रतिबंधित किया।
प्रतिबंधित प्लास्टिक के उपयोग पर150 रुपये का जुर्माना लगेगा
शृंगवेरपुर धाम में लगी दुकानों पर प्रति वर्ष 200 रुपये टैक्स लगेगा
सामुदायिक शौचालय का निर्माण होगा
राजीव गांधी सेवा केंद्र में सहज जन सेवा केंद्र स्थापित किया जाएगा
केंद्र के निर्माण के लिए पांच लाख रुपये ग्राम स्वराज अभियान से दिए जाएंगे
राजीव गांधी सेवा केंद्र के मरम्मत के लिए चार लाख रुपये दिए जाएंगे