बेलखरनाथ ब्लॉक के करमाही गांव की उर्मिला सिंह घर, बैंक और दुकान तीनों जिम्मेदारी बखूबी संभाल रही हैं। मेहनत और लगन की मिसाल बनी उर्मिला महिलाओं को स्वावलंबन के लिए जागरूक भी कर रही हैं।
करमाही निवासी रामसागर सिंह की पत्नी उर्मिला वर्ष 2017 में दो साल तक समूह सखी रहीं। उस समय उन्हें 800 रुपये मिलते थे। वर्ष 2020 में उन्हें बैंक सखी बनाया गया।
उर्मिला बताती है कि पहले बैंक में जाने में कुछ डर जैसा लगा, मगर धीरे-धीरे भय खुल गया। कुछ दिनों के बाद बैंक के सामने किराने की दुकान खोली है। बैंक और दुकान को मिलाकर औसतन प्रतिमाह 18 हजार रुपये तक की कमाई कर रही हैं।
बैंक सखी के रूप में उनका काम समूह का बचत खाता खुलवाना, बीमा कराना, सीसीएल स्वीकृत कराना और जमा-निकासी कराना है। इस कार्य के लिए बैंक उन्हें चार हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय और प्रोत्साहन राशि देता है।
इसी बीच जब समय मिलता है, तब वह बैंक के सामने अपनी दुकान पर भी बैठती हैं। शाम पांच बजे दुकान बंद कर घर जाती हैं तो घर का भी काम करती हैं। पति, बेटा और बेटी घर पर उनका सहयोग करते हैं। उर्मिला कहती हैं कि आत्मनिर्भर बनने से आत्मविश्वास बढ़ा है।
बेटी की पढ़ाई में काम आया मानदेय
बेटी चंदा सिंह को बीएएलएलबी करना था। उस समय उन्हें प्रतिमाह समूह सखी से मिले 800 रुपये बचा कर रखे थे। उसी राशि से बेटी का दाखिला एलएलबी में कराया। उन्होंने बताया कि अब तक वे 184 बचत खाता और 14 समूह का गठन करवा कर खाता खुलवा चुकी हैं। उन्होंने कहा कि पहले घर की आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं थी। पति खेती करते थे। बच्चों को पढ़ाने में दिक्कत होती थी। मगर बैंक सखी बनने से आर्थिक समस्या दूर हो गई।