नई दिल्ली और वाराणसी के बीच देश की दूसरी और उत्तर प्रदेश की पहली स्लीपर वंदे भारत एक्सप्रेस का संचालन जल्द शुरू होने जा रहा है।
इस हाई-स्पीड स्लीपर ट्रेन का शुभारंभ 31 अक्तूबर को वाराणसी में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान किए जाने की तैयारी है। इसे मुख्यमंत्री योगी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना कर सकते हैं।
31 अक्तूबर को इस ट्रेन का संचालन एक स्पेशल ट्रेन के रूप में किया जाएगा। वहीं, इसकी समय सारिणी को लेकर जल्द ही आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी किए जाने की उम्मीद है। हालांकि, इसकी समय सारिणी और ट्रेन नंबर जारी हो चुके हैं।
बता दें कि अमर उजाला ने पिछले महीने ही अपनी एक रिपोर्ट में वाराणसी और नई दिल्ली के बीच स्लीपर वंदे भारत ट्रेन के शुरू होने की संभावना जताई थी।
उद्घाटन के दिन स्लीपर वंदे भारत को सुबह 11:00 बजे वाराणसी से चलाया जा सकता है। प्रयागराज, कानपुर सेंट्रल और अलीगढ़ जंक्शन पर इसके स्वागत के कार्यक्रम की भी तैयारी है। हालांकि, रेलवे अधिकारी अभी इस ट्रेन के संचालन से जुड़ी आधिकारिक जानकारी देने से बच रहे हैं।