दरियाबाद पुलिस चौकी के पास स्थित एक मकान के सामने बृहस्पतिवार सुबह गोवंश के अवशेष मिलने पर हंगामा शुरू हो गया। करीब दो घंटे तक चले हंगामा की सूचना पाकर अतरसुइया समेत तीन थानों की पुलिस बल मौके पर पहुंची और स्थिति को काबू किया। मामले में पुलिस ने गोपाल अग्रवाल की शिकायत पर अज्ञात के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्जकर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
दरियाबाद के रहले वाले गोपाल अग्रवाल का ट्रांसपोर्ट का काराेबार है। सुबह करीब 9:30 बजे अपने घर से बाहर निकले तो गेट के सामने गोवंश का कटा सिर पड़ा दिखा। वहीं, पड़ोसी अधिवक्ता दीपक कपूर समेत अन्य एक मकान के सामने कटा पैर मिला। साथ ही पशु के शरीर के अन्य क्षत-विक्षत हिस्से गली में पड़े थे। इसकी जानकारी होते ही लोग इकट्ठा हो गए। साथ विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ता मौके पहुंच गए।
सूचना पर पुलिस को दी गई। अतरसुइया थाना प्रभारी संजय द्विवेदी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। साथ ही अन्य थानों की पुलिस बल भी घटनास्थल पर पहुंच गए। पुलिस की सूचना पर पशु चिकित्सकीय एक टीम ने जांच की और गोवंश के अवशेष को अपने साथ ले गई। थाना प्रभारी संजय द्विवेदी ने बताया कि अज्ञाकके विरुद्ध केस दर्ज कर लिया गया है। किसी ने जान-बूझकर माहौल खराब करने की नियत से यह हरकत की है।
पांच माह में तीसरी घटना
पीड़ित गोपाल अग्रवाल ने बताया कि पिछले पांच माह के भीतर यह तीसरी घटना है। इससे पहले भी दो बार घर के सामने गोवंश के अवशेष मिले थे, लेकिन पुलिस ने कोई कार्यवाही नहीं की है। अब एक फिर अवशेष मिले हैं। पुलिस अब घटनास्थल और आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से आरोपियों की पहचान की जा रही है। जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तार कर लिया जाएगा।