Uproar, lockout of students in IERT regarding scholarship application
प्रयागराज। आईईआरटी में डिप्लोमा इंजीनियरिंग के छात्रों ने बुधवार को एकबार फिर से छात्रवृत्ति के आवेदन को लेकर हंगामा किया। छात्रों ने निदेशक कार्यालय पर प्रदर्शन के बाद संस्थान के मुख्य प्रवेश द्वार पर तालाबंदी कर दी। छात्रों का विरोध देखकर उनके समर्थन में संस्थान के दूसरे छात्र भी आ गए। छात्रों का कहना था कि संस्थान प्रशासन की लापरवाही के चलते उनके आवेदन पूरे नहीं हो रहे।
छात्रों ने कहा कि अंतिम तिथि खत्म हो गई। संस्थान प्रशासन इस बारे में पूरी तरह से अनभिज्ञ बना रहा। छात्रों ने पूरे परिसर को कब्जे में लेकर अपनी मांग को लेकर प्रदर्शन किया। संस्थान के निदेशक के आश्वासन के बाद भी छात्र कुछ सुनने को तैयार नहीं थे। छात्रवृत्ति आवेदन में देरी और गड़बड़ी को लेकर इससे पहले भी छात्रों ने सप्ताह भर पहले हंगामा किया था। छात्रों ने चेतावनी दी है कि संस्थान की गड़बड़ी के खिलाफ वह प्राधिकारी नियंत्रक को ज्ञापन देने के बाद शासन तक अपनी बात पहुंचाएंगे। कहा कि छात्रों की कोई सुनवाई नहीं होती है। ऐसे में वह अपनी बात को लेकर प्रदेश के प्राविधिक शिक्षा मंत्री का घेराव करेंगे।
इस बारे में संस्थान के निदेशक डॉ. विमल मिश्र का कहना है कि डिप्लोमा इंजीनियरिंग के अंतिम वर्ष के छात्रों की ब्रांच वेबसाइट पर डिस्प्ले नहीं होने के चलते आवेदन नहीं कर सके। 15 दिसंबर को आवेदन की तिथि खत्म होने के बाद उन्होंने प्राविधिक शिक्षा निदेशक से आवेदन की तिथि बढ़ाने की मांग की है। उनकी मांग पर प्राविधिक शिक्षा निदेशक ने समाज कल्याण विभाग के निदेशक से तिथि बढ़ाने के लिए पत्र लिखा है।