शिवकुटी थाना क्षेत्र स्थित एक जमीन पर कब्जे को लेकर बृहस्पतिवार को दो गुट आमने-सामने आ गए। मामला इतना बढ़ा कि दोनों में मारपीट और पथराव शुरू हो गया। मारपीट में महिला अधिवक्ता समेत दो लोग घायल हो गए। सूचना पर शिवकुटी समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने चार महिलाओं समेत 10 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
बृहस्पतिवार दोपहर में शिवकुटी क्षेत्र की एक जमीन को कुछ लोग कब्जाने का प्रयास कर रहे थे। दूसरे पक्ष की ओर से इसका विरोध किया गया। इसके बाद मारपीट शुरू हो गई। पुलिस के अनुसार विवादित जमीन को लेकर अधिवक्ता स्वाति सिंह और रीतेश साहू व राजेंद्र साहू के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा है।
तीन दिन पहले भी जमीन पर निर्माण कार्य को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई थी। उस वक्त राजस्व विभाग, पीडीए व नगर निगम की संयुक्त टीम ने जमीन की जांच होने तक किसी भी पक्ष की ओर से निर्माण न कराने की सलाह दी गई थी।
आरोप है कि रीतेश साहू व राजेंद्र साहू पक्ष की ओर से विवादित जमीन पर निर्माण कराया जा रहा था। इसकी जानकारी होने पर स्वाति सिंह और उनके परिवार वालों व सहयोगी अधिवक्ताओं ने विरोध जताया। इसको लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी के बाद मारपीट शुरू हो गई।
दोनों ओर से हुई पत्थरबाजी से मोहल्ले में भगदड़ की स्थिति उत्पन्न हो गई। मारपीट में स्वाति सिंह और आकाश घायल हो गए। थाना प्रभारी रुमकपाल सिंह ने बताया कि स्वाति सिंह की तहरीर पर रीतेश साहू, राजेंद्र साहू, संजय, शिव प्रकाश, वैशाली समेत 10 के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।