उत्तर प्रदेश लेाक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) ने राजकीय होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेजों में विभिन्न विषयों में प्रवक्ताओं के पदों पर सीधी भर्ती के लिए चल रहे आवेदन का प्रारूप बदल दिया है। जिन अभ्यर्थियों ने अभी आवेदन नहीं किए हैं, उन्हें नए सिरे से आवेदन करने होंगे और जो अभ्यर्थी आवेदन कर चुके हैं, उन्हें बदले प्रारूप के अनुसार अपने आवेदन में संशोधन करना होगा। इसी के मद्देनजर ऑनलाइन शुल्क जमा करने और ऑनलाइन आवेदन सब्मिट करने की अंतिम तिथि भी बढ़ा दी गई है।
राजकीय होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेजों में विभिन्न विषयों में प्रवक्ताओं के 130 पदों पर भर्ती होनी है। इनमें 63 पद अनारक्षित, 29 पद अन्य पिछड़ा वर्ग, 25 पद अनुसूचित जाति और 13 पद ईडब्ल्यूए अभ्यर्थियों के लिए आरक्षित हैं। ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 24 नवंबर से शुरू हई थी। ऑनलाइन आवेदन शुल्क बैंक में जमा करने की अंतिम तिथि 21 दिसंबर और ऑनलाइन आवेदन को सब्मिट करने की अंतिम तिथि 24 दिसंबर निर्धारित थी।
अब ऑनलाइन शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि बढ़ाकर आठ जनवरी 2021 और ऑनलाइन आवेदन पूर्ण करने की अंतिम तिथि 11 जनवरी 2021 निर्धारित कर दी गई है। आयोग के उप सचिव लखन लाल शिवहरे की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार विज्ञापन के ऑनलाइन प्रारूप पर आवेदन करने में स्नातकोत्तर के प्राप्तांक प्रतिशत का कॉलम था, लेकिन स्नातकोत्तर के प्राप्तांक ग्रेड सिस्टम में भी प्रदान किए जाते हैं। इस वजह से ग्रेड सिस्टम के प्राप्तांक वाले अभ्यर्थियों को आवेदन करने में असुविधा हो रही थी।
ऑनलाइन आवेदन के प्रारूप में स्नातकोत्तर के प्राप्तांक प्रतिशत के कॉलम के स्थान पर स्नातकोत्तर ‘हैं’ अथवा ‘नहीं’, इसका विकल्प उपलब्ध कराया गया है।
साथ ही स्नातक के प्राप्तांक प्रतिशत को भरने के लिए नया कॉलम ऑनलाइन आवेदन के प्रारूप में शामिल किया गया है। अभ्यर्थियों को अब नए प्रारूप के अनुसार आवेदन को पूर्ण करना होगा। जिन अभ्यर्थियों ने पूर्व में अपना आवेदन पूर्ण कर लिया है, उन्हें नया आवेदन करने की जरूरत नहीं है, लेकिन वह आयोग की वेबसाइट के माध्यम से अपने आवेदन में संशोधन (स्नातकोत्तर के प्राप्तांक प्रतिशत के स्थान पर स्नातकोत्तर ‘हैं’ या नहीं और स्नातक के प्राप्तांक प्रतिशत का उल्लेख) करेंगे।