उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) ने स्टाफ नर्स/सिस्टर ग्रेड-2 (पुरुष/महिला) परीक्षा-2021 की अंतिम उत्तरकुंजी और अभ्यर्थियों के प्राप्तांक एवं श्रेणीवार कट ऑफ अंक जारी मंगलवार को जारी कर दिए। परीक्षा में दो गलत सवाल पूछे गए थे, जिन्हें आयोग ने उत्तरकुंजी से डिलीट कर दिया है।
आयोग ने स्टाफ नर्स के 4743 पदों पर भर्ती का अंतिम चयन परिणाम 4 जनवरी 2022 को जारी किया था। हालांकि अंतिम रूप से 3014 अभ्यर्थी ही चयनित घोषित किए गए थे और 1729 पद योग्य अभ्यर्थी न मिलने के कारण खाली रह गए थे। आयोग ने अब अभ्यर्थियों के प्राप्तांक, श्रेणीवार कट ऑफ अंक और परीक्षा की उत्तर कुंजी जारी कर दी है। आयोग ने उत्तरकुंजी से दो प्रश्न डिलीट किए हैं। यानी परीक्षा में दो गलत सवाल पूछे गए थे। ऐसे में पेपर तैयार करने वाले विशेषज्ञों की योग्यता पर भी अब सवाल उठ रहे हैं।
फिलहाल संशोधित एवं अंतिम उत्तरकुंजी आयोग की वेबसाइट पर पांच अप्रैल तक उपलब्ध रहेगी। वहीं, अभ्यर्थियों के प्राप्तांक एवं श्रेणीवार कट ऑफ अंक भी पांच अप्रैल तक वेबसाइट पर उपलब्ध रहेंगे। अभ्यर्थी वेबसाइट पर प्रदर्शित फार्मेट पर वांछित सूचनाओं को भरेंगे तो उनके मोबाइल पर ओटीपी प्राप्त ओटीपी प्राप्त होगा, जिसके माध्यम से वे प्राप्तांक देख सकेंगे।
आयोग के सचिव जगदीश के अनुसार जिन अभ्यर्थियों को ओटीपी प्राप्त नहीं हो रहा है और ओटीपी के लिए वे अपना मोबाइल नंबर परिवर्तित कराना चाहते हैं, ऐसे अभ्यर्थी अपने हस्ताक्षर वाले प्रार्थनापत्र में अनुक्रमांक, नाम, पिता का नाम, परिवर्तित मोबाइल लिखकर एवं आईडी प्रूफ की छायाप्रति के साथ डाक के माध्यम से अनुभाग अधिकारी, सेवा-6 अनुभाग उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग को भेज देंगे। मोबाइल नंबर परिवर्तित होने पर अभ्यर्थी अपने प्राप्तांक देख सकेंगे।