उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) ने उत्तर प्रदेश प्राविधिक शिक्षा विभाग के तहत प्रवक्ता इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी के 13 पदों का सीधी भर्ती का अंतिम चयन परिणाम मंगलवार को जारी कर दिया। इनमें छह पद अनारक्षित, पांच अन्य पिछड़ा वर्ग और दो पद अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित हैं।
इन पदों पर भर्ती के लिए इंटरव्यू सात एवं आठ अक्तूबर को आयोजित किया गया था। चयनितों की मेरिट में शेखर सिंह शीर्ष स्थान पर हैं, जबकि अनामिका एवं श्वेता जायसवाल को क्रमश: दूसरा एवं तीसरा स्थान मिला है। इनके अलावा पुनीत राय, नीरज सिंह कुशवाहा, अंकिता गुप्ता, नम्रता सिंह, रजत गुप्ता, जया सिंह, इंदू मौर्या, पूनम यादव, विपिन कुमार एवं अरुण पवार का चयन भी हुआ है।
मेडिकल कॉलेजों को मिले पांच असिस्टेंट प्रोफेसर
प्रयागराज। चिकित्सा शिक्षा विभाग के तहत मेडिकल कॉलेजों में एपीडेमोलॉजिस्ट कम असिस्टेंट प्रोफेसर के पांच पदों पर सीधी भर्ती का परिणाम यूपीपीएससी ने जारी कर दिया है। इनमें चार पद अनारक्षित एवं एक पद अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षित है। इंटरव्यू 14, 15 एवं 16 अक्तूबर को हुआ था। चयनितों में हिमालय सिंह, नेहा प्रियंका, कल्पना कुमारी, भावना जैन एवं अभिषेक कुमार के नाम शामिल हैं।
शोध अधिकारी के चार पदों का रिजल्ट घोषित
प्रयागराज। यूपीपीएससी ने राज्य वित्तीय योजना और संसाधन निदेशालय के तहत शोध अधिकारी के चार पदों का परिणाम जारी कर दिया। 15 अक्तूबर को हुए इंटरव्यू में 25 अभ्यर्थियों को बुलाया गया था। नौ अभ्यर्थी साक्षात्कार में शामिल हुए थे और इनमें शैली तोमर, विनिता गोयल, रीतू गोयल, विवेकानंद का चयन हुआ है।
रसायन के एक पद का परिणाम जारी
यूपीपीएससी ने उत्तर प्रदेश भूगर्भ जल (अभियंता और वैज्ञानिक) सेवा समूह ‘ख’ के तहत रसायन के एक अनारक्षित पद का रिजल्ट जारी किया है। इस पद के लिए मोहित कुमार शर्मा को चयनित घोषित किया गया है।