उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग परंपरागत प्रश्नपत्रों की उत्तर पुस्तिकाओं की भी ऑनलाइन मूल्यांकन प्रक्रिया को अंतिम रूप देने में जुटा है। आयोग के विशेषज्ञों ने हरियाणा लोक सेवा आयोग में लागू इस व्यवस्था का अध्ययन किया है। कोई बाधा नहीं आई तो पीसीएस-2025 मुख्य परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन ऑनलाइन ही किया जाएगा। इससे प्रक्रिया जल्दी पूरी होने के साथ गलतियों पर भी अंकुश लगने की बात कही जा रही है।
आयोग के सूत्रों के अनुसार, इस व्यवस्था के तहत उत्तर पुस्तिकाओं के हर पन्ने को स्कैन किया जाएगा। इसके बाद कोडिंग करके मूल्यांकन के लिए परीक्षक के पास भेजा जाएगा। मूल्यांकन के बाद आयोग को रिजल्ट मिल जाएगा। यह पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन पूरी की जाएगी। पीसीएस-2025 मुख्य परीक्षा के लिए आवेदन लिए जा रहे हैं। मुख्य परीक्षा भी जनवरी-फरवरी में संभावित है। आयोग के अफसर के अनुसार, पीसीएस-2025 मुख्य परीक्षा से ही विस्तृत उत्तरीय उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन ऑनलाइन माध्यम से कराने की योजना है। इससे मूल्यांकन में गलतियों या चूक होने की आशंकाएं कम हो जाएंगी और पारदर्शिता बढ़ेगी।