प्रयागराज, 17 सितंबर। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद, इसकी इकाइयों, जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्था (डायट) में प्रवक्ता जीव विज्ञान के 71 पदों पर अंतिम चयन परिणाम घोषित कर दिया। इनमें 35 पद अनारक्षित, 15 पद अनुसूचित जाति, एक पद अनुसूचित जनजाति एवं 20 पद अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षित है।
आयोग की ओर से श्रेष्ठताक्रम में जारी किए गए अंतिम चयन परिणाम में ओंकार चौधरी को मेरिट में पहला स्थान मिला है जबकि आंनद कुमार दूसरे एवं शिव प्रसाद तीसरे स्थान पर हें। डायट में प्रवक्ता जीव विज्ञान के 70 पदों पर सीधी भर्ती के लिए उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की ओर से सात एवं नौ सितंबर को साक्षात्कार का आयोजन किया गया था। इंटरव्यू के सात दिन बाद ही आयोग ने अंतिम चयन परिणाम जारी कर दिया।
असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती का इंटरव्यू शुरू
प्रयागराज, 17 सितंबर। उच्चतर शिक्षा सेवा आयोग में विज्ञापन संख्या 47 के तहत मंगलवार से दूसरे चरण का अधूरा पड़ा इंटरव्यू फिर शुरू करा दिया गया। 12 एवं 13 सितंबर को स्थगित किया गया इंटरव्यू अब 30 सितंबर एवं एक अक्तूबर को कराया जाएगा, जिनमें अर्थशास्त्र, शारीरिक शिक्षा एवं कीट विज्ञान विषय शामिल हैं। ऐसे में दूसरे चरण की भर्ती प्रक्रिया अब एक अक्तूबर या इसके बाद ही पूरी हो सकेगी। मंगलवार को अर्थशास्त्र एवं शारीरिक शिक्षा के 42-42 अभ्यर्थियों को इंटरव्यू के लिए बुलाया गया था।