यूपीपीएससी ने छह साल बाद जारी किया अंतिम चयन परिणाम
2013 में जारी हुआ था विज्ञापन, 2016 में हुई थी लिखित परीक्षा
प्रयागराज। प्रदेश को मेकेनिकल के 607 अवर अभियंता मिल गए हैं। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) ने छह वर्षों के लंबे इंतजार के बाद शुक्रवार को परीक्षा का अंतिम चयन परिणाम जारी कर दिया। इसके अलावा कृषि और सिविल शाखा के अभ्यर्थियों की भी साक्षात्कार प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और आयोग जल्द ही इन शाखाओं में भर्ती का अंतिम चयन परिणाम जारी करेगा।
आयोग ने सम्मिलित अवर अभियंता (सामान्य चयन) परीक्षा, 2013 और सम्मिलित अवर अभियंता विकलांगजन हेतु (बैकलाग/विशेष चयनप) परीक्षा, 2013 का विज्ञापन 23 दिसंबर 2013 को जारी किया था। इसकी लिखित परीक्षा वर्ष 2016 में 22 एवं 23 मई को आयोजित की गई थी, जिसमें कुल 13745 अभ्यर्थी शामिल हुए थे। आयोग ने पिछले साल 10 अक्तूबर को लिखित परीक्षा का परिणाम घोषित किया था, जिसमें अवर अभियंता यांत्रिक अभियंत्रण (सामान्य चयन) के लिए 1353 और विशेष चयन के लिए तीन अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के लिए सफल घोषित किया गया था।
अवर अभियंता यांत्रिक अभियंत्रण यानी मेकेनिकल के अभ्यर्थियों का साक्षात्कार 31 अक्तूबर से 15 नवंबर तक आयोजित किया गया। सामान्य चयन के 606 पदों के मुकाबले 606 अभ्यर्थियों और विशेष चयन के पांच पदों के मुकाबले एक अभ्यर्थी को अंतिम रूप से चयनित घोषित किया गया है। परिणाम आयोग की वेबसाइट पर अपलोड कर दिया गया है। आयोग के सचिव जगदीश के अनुसार प्राप्तांक/कटऑफ अंक आदि की सूचना जल्द ही आयोग की वेबसाइट पर प्रदर्शित की जाएगी। परीक्षा में अंतिम रूप से सफल घोषित जिन अभ्यर्थियों के नाम के सम्मुख प्रोविजनल शब्द अंकित हैं, उन अभ्यर्थियों को वांछित प्रमाणपत्र आदि निर्धारित समय के भीतर आयोग में प्रस्तुत करने होंगे, वरना उनका अभ्यर्थन निरस्त कर दिया जाएगा।
टॉप थ्री में दो चयनित अभ्यर्थी आरक्षित वर्ग के
अवर अभियंता मेकेनिकल के अंतिम चयन परिणाम की मेरिट में टॉप थ्री पर स्थान बनाने वाले दो अभ्यर्थी आरक्षित वर्ग के हैं। हालांकि, उनका चयन अनारक्षित वर्ग में किया गया है। अनुसूचित जाति वर्ग के अंकुर रंजन ने परीक्षा में टॉप किया है। दूसरे स्थान पर सामान्य वर्ग के अभिषेक मिश्र और तीसरे स्थान पर अन्य पिछड़ा वर्ग के जितेंद्र कुमार हैं। वहीं, महिलाओं में टॉपर एवं मेरिट में चौथे स्थान पर रहीं सुकृति यादव भी अन्य पिछड़ा वर्ग की हैं।
दो सीधी भर्ती परीक्षाओं के इंटरव्यू 20 को
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने शुक्रवार को दो सीधी भर्ती परीक्षाओं की इंटरव्यू तिथि भी घोषित कर दी। इंटरव्यू 20 जनवरी को सुबह 10 बजे आयोग में आयोजित किया जाएगा। कर्मचारी बीमा योजना, श्रम चिकित्सा सेवाएं उत्तर प्रदेश के तहत एलोपैथिक चिकित्साधिकारी और व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास विभाग के तहत प्रधानाचार्य श्रेणी-2/उप प्रधानाचार्य/प्राविधिक अधिकारी के विभिन्न पद शामिल हैं। परीक्षार्थियों के साक्षात्कार ज्ञाप आयोग की वेबसाइट पर अपलोड कर दिए गए हैं।