प्रयागराज से गोरखपुर के बीच सीधी हवाई सेवा शुक्रवार को शुरू हो गई। निजी विमानन कंपनी इंडिगो द्वारा शुरू की गई इस सेवा के पहले दिन प्रयागराज से कुल 35 यात्रियों ने गोरखपुर का सफर किया। महज 45 मिनट में ही यह सफर पूरा हो गया। गोरखपुर से भी यह फ्लाइट 45 मिनट में ही प्रयागराज पहुंच गई थी। एयरपोर्ट पर इस फ्लाइट से आए यात्रियों का कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी ने स्वागत किया। इस दौरान सभी यात्रियों को उन्होंने गुलाब का फूल भी भेंट किया।
इंडिगो ने गोरखपुर के लिए 78 सीट वाला एटीआर श्रेणी का विमान शुरू किया है। हालांकि, पहले दिन गोरखपुर से प्रयागराज का रिस्पांस अच्छा नहीं रहा। वहां से महज 15 यात्री ही इस फ्लाइट से आए, जबकि यहां से गोरखपुर जाने वाले यात्रियों की संख्या 35 रही। इस अवसर पर सूबे के उड्डयन मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी ने कहा कि हवाई चप्पल पहनने वाला व्यक्ति भी हवाई सफर करे, इसी वजह से पीएम मोदी के नेतृत्व में रीजनल कनेक्टिविटी स्कीम (आरसीएस)- उड़ान के तहत सस्ती हवाई सेवा की शुरूआत की गई है ।
उन्होंने कहा कि आज तमाम यात्री ऐसे भी रहे जिन्होंने, प्रयागराज से गोरखपुर का किराया 999 रुपये ही दिया। यह सस्ती वायु सेवा आम लोगों के लिए ही है। इस दौरान गोरखपुर जाने वाले योगेश कुमार को नंदी ने पहला बोर्डिंग पास दिया। इसके पूर्व उन्होंने एयरपोर्ट पर निदेशक सुनील यादव, इंडिगो मैनेजर विपुल काले, श्याम कार्तिक सिंह, अनिल सिंह झल्लर, विक्रमजीत सिंह भदौरिया आदि की मौजूदगी में केक भी काटा। इस दौरान सुनीति चटर्जी एवं उनके ग्रुप द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम भी पेश किए गए।
प्रयागराज-गोरखपुर विमान की समय सारिणी
6ई 7941 प्रयागराज-गोरखपुर दिन 01.10-02.20 बजे
6ई 7948 गोरखपुर-प्रयागराज सुबह 11.40-12.40 बजे