पीसीएस जे मुख्य परीक्षा की तिथि को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है। प्रारंभिक परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को परिणाम घोषित होने की तिथि से लेकर मुख्य परीक्षा के आयोजन तक परीक्षा की तैयारी के लिए 25 दिनों से भी कम समय मिल रहा है। अभ्यर्थी मुख्य परीक्षा की तिथि बढ़ाए जाने की मांग कर रहे हैं। इस मसले पर अभ्यर्थी सोमवार को उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) में धरना-प्रदर्शन करेंगे।
अभ्यर्थियों ने आयोग की ओर से कोर्ट में दिए गए उस हलफनामे को आधार बनाया है, जिसमें आयोग ने पीसीएस जे-2018 की प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम घोषित करने की तिथि 16 जनवरी और मुख्य परीक्षा की तिथि 15 फरवरी प्रस्तावित की है। परिणाम घोषित होने से लेकर मुख्य परीक्षा के आयोजन तक 30 दिनों का समय दिया गया है। वहीं, आयोग के कैलेंडर में मुख्य परीक्षा 30, 31 जनवरी एवं एक फरवरी को प्रस्तावित है। हालांकि आयोग ने प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम पांच जनवरी को ही घोषित कर दिया है। मुख्य परीक्षा 30 जनवरी से है। ऐसे में अभ्यर्थियों को तैयारी के लिए 25 दिनों से कम समय मिल रहा है।
प्रतियोगी छात्र राम करन निर्मल और आशीष पटेल का कहना है कि न्यायिक सेवा के इतिहास में पहली बाद 610 पदों पर एक साथ भर्ती हो रही है। ऐसे में आयोग से निवेदन है कि प्रतियोगी छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ न किया जाए और मुख्य परीक्षा की तिथि कुछ दिनों के लिए आगे बढ़ा दी जाए। अभ्यर्थियों को तैयारी के लिए कम से कम 30 दिनों का समय मिलना चाहिए। इस मांग को लेकर प्रतियोगी छात्र सोमवार को सुबह 11 बजे आयोग के गेट नंबर तीन पर धरना-प्रदर्शन करेंगे।