आयोग ने मुख्य परीक्षा में शामिल सभी 3019 अभ्यर्थियों को उत्तर पुस्तिकाओं के अवलोकन के लिए आमंत्रित किया है, लेकिन सभी अभ्यर्थियों के आने की उम्मीद नहीं है। पीसीएस जे के 302 पदों पर जो अभ्यर्थी चयनित घोषित किए गए जा चुके हैं, कॉपियों के अवलोकन कार्य में उनके शामिल होने की उम्मीद नहीं है।
हालांकि, मुख्य परीक्षा में कॉपी बदले जाने के आरोपों के बाद बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने सूचना के अधिकार के तहत उत्तर पुस्तिकाओं के अवलोकन के लिए आयोग में प्रार्थना पत्र दे दिए थे। ऐसे अभ्यर्थी आयोग की ओर से निर्धारित तिथियों में शामिल हो सकेंगे। उत्तर पुस्तिकाओं के अवलोकन के दौरान अभ्यर्थी पूर्व में वेबसाइट पर जारी अपने प्राप्तांक और कॉपियों में अंकित नंबरों को मिलान कर सकेंगे।
आयोग की ओर से स्पष्ट किया जा चुका है कि अभ्यर्थी केवल अपनी उत्तर पुस्तिकाओं का अवलोकन कर सकेंगे और इसकी अवधि सामान्यतया 30 मिनट से अधिक नहीं होगी। निरीक्षण कक्ष में अभ्यर्थी अपने साथ किसी भी प्रकार की इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस, मोबाइल, पेजर, कैलकुलेटर, टेपरिकॉर्डर, इरेजर, पेंसिल, कलम आदि साथ नहीं ले जा सकेंगे।