डेंटल सर्जन के 174 पदों पर भर्ती की तैयारी
उत्तर प्रदेश चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग में डेंटल सर्जन के 174 पदों पर भर्ती की तैयारी है। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग जल्द ही इन पदों पर भर्ती का विज्ञापन जारी करने जा रहा है। इसके साथ ही आयुष विभाग (यूनानी) में प्रवक्ता अरबी के एक पद और भूतत्व एवं खनिकर्म विभाग में खान अधिकारी के एक पद पर भर्ती होगी।
अभ्यर्थियों को आवेदन में त्रुटि सुधार का मौका
उत्तर प्रदेश आयुष (आयुर्वेद) विभाग के तहत रीडर अगद तंत्र एवं विधि आयुर्वेद, रीडर क्रिया शारीर, रीडर शल्य तंत्र, रीडर रस शास्त्र एवं भैषज्य कल्पना, रीडर द्रव्य गुण और चिकित्सा शिक्षा एलोपैथी विभाग में प्रधानाचार्य एलोपैथी के पदों पर भर्ती के लिए आवेदन की प्रक्रिया 17 अप्रैल को पूरी हो चुकी है। 15 अभ्यर्थियों के फॉर्म त्रुटिपूर्ण पाए गए हैं। उनके हस्ताक्षर और फोटो त्रुटिपूर्ण हैं। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग के परीक्षा नियंत्रक अजय कुमार तिवारी के अनुसार अभ्यर्थी तीन मई तक सही हस्ताक्षर एवं फोटो अपलोड कर सकते हैं।
पशुचिकित्साधिकारी के पद पर दो अभ्यर्थियों का चयन निरस्त
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने पशुचिकित्साधिकारी के पद पर ईडब्ल्यूएस श्रेणी के तहत चयनित दो अभ्यर्थियों रवि प्रकाश और पुष्पेंद्र कुमार का चयन निरस्त कर दिया है। दोनों अभ्यर्थियों की ओर से ईडब्ल्यूएस का प्रमाणपत्र प्रस्तुत न किए जाने के कारण यह कार्रवाई की गई है। उनकी जगह रिक्त हुए पदों पर प्राची सिंह एवं अनुज कुमार को चयनित घोषित किया गया है।
प्रोफेसर के एक पद का रिजल्ट घोषित
उत्तर प्रदेश आयुष (यूनानी) विभाग के तहत राजकीय यूनानी मेडिकल कॉलेजों में प्रोफेसर इल्मुल अदबिया के एक अनारक्षित पद पर हुई सीधी भर्ती में निजामुल हक को चयनित घोषित किया गया है। इस पर भर्ती के लिए 25 अप्रैल को हुए साक्षात्कार में पांच अभ्यर्थी शामिल हुए थे।