फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

UPMSP : परिषद के हेल्पलाइन नंबर पर लगातार मिल रहीं शिकायतें, त्वरित निस्तारण का दावा

Sun, 22 Feb 2026 02:49 PM IST
विनोद सिंह अमर उजाला नेटवर्क, प्रयागराज

सार

हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षाओं के दौरान परीक्षार्थियों की समस्याओं के समाधान के लिए उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से जारी हेल्पलाइन नंबर पर विभिन्न जिलों से लगातार शिकायतें और सूचनाएं मिल रही हैं।
विज्ञापन
यूपी बोर्ड परीक्षा 2026 - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षाओं के दौरान परीक्षार्थियों की समस्याओं के समाधान के लिए उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से जारी हेल्पलाइन नंबर पर विभिन्न जिलों से लगातार शिकायतें और सूचनाएं मिल रही हैं। परिषद के सचिव भगवती सिंह ने बताया कि हेल्पलाइन पर प्राप्त सभी शिकायतों का गंभीरता से संज्ञान लेकर त्वरित निस्तारण किया जा रहा है। जिन केंद्रों पर नकल की शिकायतें मिलीं, प्रारंभिक जांच में वे निराधार पाई गईं, फिर भी सतर्कता बढ़ा दी गई है। वहीं, कई जगह से परीक्षार्थियों ने पहुंचने में देरी, परीक्षा केंद्रों पर नकल होने की व प्रवेश पत्र में विषय परिवर्तन आदि की शिकायत के लिए हेल्पलाइन का उपयोग किया।

विज्ञापन


केस-1

एक घंटे देरी से पहुंचा छात्र

मथुरा जिले के एक छात्र ने हेल्पलाइन पर सूचित किया कि वह परीक्षा केंद्र पर निर्धारित समय से एक घंटे विलंब से पहुंचा, जिस कारण उसे परीक्षा में बैठने की अनुमति नहीं दी गई। उसे बताया गया कि अधिकतम 30 मिनट की देरी तक ही प्रवेश की अनुमति है। एक घंटे की देरी से पहुंचने पर संबंधित विषय की परीक्षा छूटने की स्थिति में वह कंपार्टमेंट परीक्षा में शामिल हो सकता है।

केस-2

साधारण घड़ी ले जाने से रोका

औरैया जिले के एक छात्र ने शिकायत की कि परीक्षा केंद्र पर साधारण घड़ी ले जाने की अनुमति नहीं दी जा रही, जबकि केंद्र पर घड़ी भी नहीं लगी है। इस पर छात्र को जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) कार्यालय का संपर्क नंबर उपलब्ध कराते हुए वहां शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी गई।

केस-3

फर्जी परीक्षार्थी व पारिवारिक ड्यूटी का मामला

प्रयागराज के करछना क्षेत्र से शिकायत मिली कि एक परीक्षार्थी के स्थान पर दूसरा छात्र परीक्षा दे रहा है। वहीं, बरेली से सूचना मिली कि परीक्षा प्रभारी के रूप में पिता और ड्यूटी पर माता तैनात हैं, जबकि उनकी पुत्री उसी केंद्र पर परीक्षा दे रही है। मामले में संबंधित नोडल अधिकारी से वार्ता की गई तथा एक अधिकारी द्वारा डीआईओएस से भी संपर्क किया गया।
विज्ञापन

केस-4

ड्यूटी में लापरवाही और नकल का आरोप

आजमगढ़ जिले से शिकायत मिली कि एक परीक्षा केंद्र पर स्टैटिक मजिस्ट्रेट और बाह्य केंद्र व्यवस्थापक अपनी ड्यूटी सही ढंग से नहीं निभा रहे हैं तथा बाहर से नकल कराई जा रही है। यह भी आरोप लगाया गया कि वॉयस रिकॉर्डर बंद कर दिया गया है। शिकायतकर्ता को डीआईओएस को तत्काल सूचित करने की सलाह दी गई।

अन्य शिकायतें भी पहुंचीं

कुछ परीक्षार्थियों ने परीक्षा कक्ष में सीट छोटी होने और लिखने में असुविधा की शिकायत की। इस पर संबंधित डीआईओएस का नंबर उपलब्ध कराते हुए परीक्षा प्रभारी से वार्ता कराई गई। एक छात्र ने प्रवेश पत्र में विषय परिवर्तन (गृह विज्ञान के स्थान पर गणित अंकित होने) की शिकायत की। उसे विद्यालय के प्रधानाचार्य से संपर्क करने को कहा गया। आगरा जिले से दो केंद्रों पर सामूहिक नकल की शिकायत प्राप्त हुई। दो हजार रुपये लेकर दूसरे की जगह परीक्षा दिलाने का आरोप भी लगाया गया। इन मामलों में संबंधित डीआईओएस और नोडल अधिकारी को सूचित किया गया।

समस्या पर हेल्पलाइन नंबर पर करें फोन

सहायक सचिव डाॅ. देवव्रत ने बताया कि छात्र-छात्राओं एवं अभिभावकों की समस्याओं के समाधान के लिए परिषद ने टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 18001805310 और 18001805312 जारी किए हैं। परीक्षार्थी किसी भी प्रकार की जानकारी या समस्या के लिए इन नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें