उत्तर प्रदेश उच्चतर शिक्षा सेवा आयोग (यूपीएचईएससी) ने मंगलवार को विज्ञापन संख्या-50 के तहत दो विषयों में असिस्टेंट प्रोफेसर के 113 पदों का चयन परिणाम घोषित कर दिया। इनमें असिस्टेंट प्रोफेसर राजनीति के 109 और असिस्टेंट प्रोफेसर चित्रकला के चार पद शामिल हैं। इन पदों पर भर्ती के लिए 19 जुलाई को इंटरव्यू पूरा होने के कुछ देर बाद ही परिणाम जारी कर दिया गया।
असिस्टेंट प्रोफेसर राजनीतिशास्त्र के तहत अनारक्षित वर्ग के 42, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के 10, अन्य पिछड़ा वर्ग के 26 एवं अनुसूचित जाति वर्ग के 31 पदों पर भर्ती के लिए पांच से 19 जुलाई तक हुए इंटरव्यू में 467 अभ्यर्थियों को बुलाया गया था, जिनमें से 432 अभ्यर्थी उपस्थित हुए। चयनितों की टॉप टेन मेरिट में दीक्षा सिंह, आनंद कुमार सिंह, अनुराग सिंह, संतोष कुमार सिंह, शरद सिंह, अश्वनी कुमार सिंह, रमेश कुमार राय, राकेश कुमार यादव, संजय शर्मा एवं सतेंद्र कुमार के नाम शामिल हैं।
वहीं, असिस्टेंट प्रोफेसर चित्रकला के तहत अनारक्षित वर्ग के एक, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के एक, अन्य पिछड़ा वर्ग के एक एवं अनुसूचित जाति वर्ग के एक पद के लिए मंगलवार को हुए इंटरव्यू में बुलाए गए 26 में से 23 अभ्यर्थी शामिल हुए।
इस पद पर गरिमा कुमारी, हिना यादव, शालू देवी एवं प्रियंका सिंह को चयनित घोषित किया गया है। आयोग के सचिव दयाशंकर प्रसाद के अनुसार जिन अभ्यर्थियों का चयन औपबंधिक रूप से हुआ है, उन्हें 11 अगस्त तक आयोग कार्यालय में आवश्यक अभिलेख उपलब्ध कराने होंगे, वरना उनके अभ्यर्थन पर विचार नहीं होगा।
आयोग की अब तक की सबसे बड़ी भर्ती
- उत्तर प्रदेश उच्चतर शिक्षा सेवा आयोग की यह अब तक की सबसे बड़ी भर्ती है। प्रदेश के अशासकीय महाविद्यालयों में विज्ञापन संख्या-50 के तहत 47 विषयों में असिस्टेंट प्रोफेसर के 2002 पदों पर भर्ती होनी थी, जिसमें से आयोग ने एक वर्ष में 1961 पदों पर भर्ती की प्रक्रिया पूरी कर ली। इन पदों पर भर्ती के लिए पिछले साल 31 जुलाई तक आवेदन लिए गए थे और इस वर्ष 19 जुलाई को आयोग ने 47 में से 46 विषयों के अंतिम चयन परिणाम जारी कर दिए।
साढ़े चार माह में 46 विषयों का साक्षात्कार पूरा
आयोग ने तकरीबन साढ़े चार माह में 46 विषयों की इंटरव्यू प्रक्रिया पूरी की। इंटरव्यू लगातार संचालित किए गए। आयोग ने नौ मार्च से 19 जुलाई तक सभी 47 विषयों की लिखित परीक्षा के सफल अभ्यर्थियों के लिए इंटरव्यू का कार्यक्रम जारी किया था।
अब असिस्टेंट प्रोफेसर विधि के इंटरव्यू का इंतजार
अब आखिरी विषय विधि बाकी रह गया है, जिसके इंटरव्यू की तिथि घोषित होने का इंतजार किया जा रहा है। असिस्टेंट प्रोफेसर विधि के 41 पदों पर भर्ती होनी है। आयोग ने साक्षात्कार कार्यक्रम में विधि को भी शामिल किया था, लेकिन विधि की लिखित परीक्षा में प्रश्नों के विवाद से जुड़ा मामला न्यायालय पहुंच गया था और इसकी वजह से आयोग को विधि के अभ्यर्थियों का साक्षात्कार स्थगित करना पड़ गया था। इस मामले में अब 28 जुलाई को सुनवाई प्रस्तावित है।