प्रयागराज। उत्तर प्रदेश उच्चतर शिक्षा सेवा आयोग (यूपीएचईएससी) ने विज्ञापन संख्या 47 के तहत हिंदी विषय में असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती परीक्षा की संशोधित उत्तरकुंजी में कई बदलाव कर दिए हैं। जिन पांच सवालों को लेकर विवाद था, आयोग ने उन पर अपना रुख स्पष्ट कर दिया है। इनमें से पूर्व में डिलीट किए गए दो सवालों को अब सही मान लिया गया है और एक सवाल के दो विकल्पों को सही ठहराया गया है। इसके साथ ही संबंधित विषय की लिखित परीक्षा का रिजल्ट जारी करने का रास्ता अब साफ हो गया है।
हिंदी में असिस्टेंट प्रोफेसर के 166 पदों पर भर्ती होनी है। इनमें 104 पद अनारक्षित, 37 पद ओबीसी एवं 25 पद एससी वर्ग के लिए आरक्षित हैं। आयोग ने 30 अप्रैल को हिंदी विषय की संशोधित उत्तरकुंजी जारी की थी, जिसमें पांच सवालों को लेकर विवाद था। इस विवाद को लेकर अभ्यर्थियों ने उच्च न्यायालय में याचिका दाखिल कर दी। न्यायालय ने बीएचयू के विशेषज्ञों से इसकी जांच कराई और विशेषज्ञों ने अभ्यर्थियों की आपत्तियों को सही पाया। इसके बाद हाईकोर्ट ने आयोग को मामले में आवश्यक कार्रवाई करने का आदेश दिया। हाईकोर्ट के आदेश के अनुपालन में आयोग ने पांच सवालों को लेकर अपना रुख स्पष्ट किया है।
पूर्व में जारी संशोधित उत्तरकुंजी में कुल 17 सवालों को डिलीट किया गया था। इनमें बुकलेट-ए में सवाल संख्या 37, 79 एवं 99 को भी शामिल किया गया था, लेकिन आयोग ने अब अपनी गलती सुधारी है और इनमें से सवाल संख्या 79 के विकल्प ‘ए’ एवं सवाल संख्या 99 के विकल्प ‘बी’ को सही माना है, लेकिन डिलीट किए गए सवाल संख्या 37 को आयोग ने अब भी डिलीट ही माना है। वहीं, पूर्व में बुकलेट-ए में सवाल संख्या 47 के विकल्प ‘बी’ को सही माना गया था, लेकिन आपत्ति के बाद आयोग ने अब विकल्प ‘ए’ एवं ‘बी’ दोनों को सही माना है।
बुकलेट-ए में सवाल संख्या 52 पर हुई आपत्ति पर कोई संशोधन नहीं किया गया है और पूर्व की भांति विकल्प ‘डी’ को ही सही माना गया है। फिलहाल अंतिम उत्तरकुंजी जारी होने के बाद अभ्यर्थियों को अब लिखित परीक्षा के रिजल्ट का इंतजार है, जो विवाद के कारण फंसा हुआ था। विज्ञापन संख्या 47 के तहत अन्य विषयों में भर्ती पूरी करने के लिए इंटरव्यू भी शुरू करा दिया गया है। अब हिंदी का भी रिजल्ट जारी किए जाने का रास्ता साफ हो गया है। परिणाम आने के बाद इंटरव्यू की तिथि घोषित की जाएगी।